रेलवे बोर्ड सदस्य नवीन गुलाटी ने किया इरिसेट का दौरा
हैदराबाद, रेलवे बोर्ड के सदस्य (अवसंरचना) व भारत सरकार के पदेन सचिव नवीन गुलाटी ने भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियरिंग एवं दूरसंचार संस्थान (इरिसेट) का दौरा कर संस्थान तथा उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेलवे बोर्ड के सदस्य नवीन गुलाटी ने इरिसेट के महानिदेशक शरद कुमार श्रीवास्तव, दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव के साथ इरिसेट का दौरा कर संस्थान के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उनके साथ रेलवे बोर्ड की वरिष्ठ अधिकारी विजयलक्ष्मी कौशिक, अतिरिक्त सदस्य (सिग्नल) और प्रधान कार्यकारी निदेशक सौरभ बंदोपाध्याय मौजूद थे। नवीन गुलाटी ने भारतीय रेलवे के अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और उद्योग कर्मियों को विभिन्न सिग्नल और दूरसंचार गतिविधियों व भारतीय रेलवे में कवच के कार्यान्वयन के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इरिसेट में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे क्षेत्रीय रेलवे के सिग्नल और दूरसंचार विभागों के प्रमुखों के समूह को संबोधित कर सिग्नल और दूरसंचार पेशेवरों के कौशल को बढ़ाने और कवच को तेजी से लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
यह भी पढ़ें… दमरे महाप्रबंधक ने किया नामपल्ली और चेर्लापल्ली स्टेशन का निरीक्षण
नवीन गुलाटी ने कवच प्रयोगशाला में स्थापित विभिन्न प्रशिक्षण उपकरणों और इरिसेट एवं सीओई द्वारा किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने जोन द्वारा निष्पादित किए जा रहे विभिन्न कार्यों पर दमरे महाप्रबंधक और प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ व्यापक समीक्षा की। अवसर पर इरिसेट उत्कृष्टता केंद्र एवं दक्षिण मध्य रेलवे मुख्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



