रैतु डिस्कॉम की तैयारियाँ तेज़, लाइसेंस के लिए आवेदन दाखिल
हैदराबाद, भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय से मंज़ूरी मिलने के बाद राज्य में किसानों के लिए अलग बिजली वितरण कंपनी रैतु डिस्कॉम की तैयारियाँ तेज़ हो गयी हैं। कंपनी के लिए अन्य बिजली वितरण कंपनियों से 51 इंजीनियरों तथा कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है। उगादि पर कंपनी के लाइसेंस के लिए आवेदन दाखिल किया गया।
तेलंगाना में तीसरी बिजली वितरण कंपनी की स्थापना की प्रक्रिया तेज़ी से बढ़ रही है। नई कंपनी का नाम तेलंगाना रैतु विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड रखा गया है। नई डिस्कॉम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मुशर्रफ फारूकी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 11 मार्च को जारी आदेश के अनुसार अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा चार अधिकारियों की निदेशकों के रूप में नियुक्ति हो गयी है। इसके अलावा राज्यपाल, ऊर्जा विभाग के विशेष मुख्य सचिव/प्रधान सचिव, ट्रांस्को के प्रमुख, रैतु वितरण कंपनी के प्रमुख, दक्षिणी और उत्तरी वितरण कंपनियों के प्रमुख तथा दोनों कंपनियों के वित्त निदेशक को हिस्सेदार के रूप में नामित किया गया।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना विधान परिषद में उठा मच्छरों और डेंगू का मुद्दा
नई कंपनी ने उगादी पर तेलंगाना विद्युत विनियामक आयोग को रूप में राज्य में कार्य शुरू करने के लिए वितरण लाइसेंस हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय ने 18 मार्च को कंपनी के गठन को मंज़ूरी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कंपनी की स्थापना किसानों को समर्पित, भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





