राम चरण और उपासना कोनिडेला ने जुड़वां बच्चों का स्वागत किया
हैदराबाद, साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला अब तीन बच्चों के माता-पिता बन गए हैं। यह खबर पक्की हो गई है क्योंकि कपल ने जुड़वां बच्चों – एक लड़का और एक लड़की का स्वागत किया है। फैंस और उनके दोस्तों की ओर से दोनों पति-पत्नी को बधाई भरे मैसेजेस की बाढ़ आ गई है।
सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की कि राम और उपासना जुड़वा बच्चों के माता-पिता बन गए हैं। इस कपल ने शनिवार को अपने परिवार में नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, ‘अत्यंत खुशी और कृतज्ञता से भरे दिल के साथ, हम यह शेयर करते हुए खुश हैं कि राम चरण और उपासना को जुड़वा बच्चों – एक बेटा और एक बेटी का आशीर्वाद मिला है। दोनों बच्चे और मां स्वस्थ हैं। इन नन्हे-मुन्नों का अपने परिवार में स्वागत करना हमारे लिए दादा-दादी के रूप में अत्यंत आनंद और ईश्वरीय आशीर्वाद का पल है। हम सभी के प्रार्थनाओं, प्रेम, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए तहे दिल से आभारी हैं – चिरंजीवी और सुरेखा।’
राम चरण और उपासना की शादी
टॉलीवुड स्टार ने अपोलो चैरिटी की उपाध्यक्ष उपासना से जून 2012 में शादी की थी। उनकी सगाई दिसंबर 2011 में हुई थी। शादी से पहले दोनों एक-दूसरे को कई सालों से जानते थे और दोस्त थे। उपासना अपोलो हॉस्पिटल्स के संस्थापक प्रताप सी रेड्डी की पोती हैं, जबकि राम फेमस एक्टर चिरंजीवी के बेटे हैं।

ढाई साल पहले हुआ था बेटी का जन्म
जून 2023 में, पति-पत्नी के घर उनका पहला बच्चा, बेटी क्लिन कारा का जन्म हुआ। दिवाली 2025 के दौरान, उपासना ने सोशल मीडिया पर अपने सीमंथम (बेबी शावर) का एक वीडियो पोस्ट किया, जिससे पता चला कि वह और उनके पति जुड़वा बच्चों की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने यह खुशखबरी शेयर करते हुए लिखा, ‘यह दिवाली दुगनी खुशियों, दुगने प्यार और दुगने आशीर्वाद से भरी थी।’ परिवार ने भी सोशल मीडिया पर इस खबर की पुष्टि की कि दोनों फिर से माता-पिता बनने वाले हैं।
राम चरण की फिल्में और आने वाले प्रोजेक्ट
काम की बात करें तो 2022 में आई फिल्मों RRR और ‘आचार्य’ के बाद, राम ने सलमान खान की 2023 में आई फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में कैमियो रोल किया। 2025 में उन्होंने ‘गेम चेंजर’ में डबल रोल प्ले किया, लेकिन फिल्म को आलोचकों ने खूब लताड़ा और बॉक्स ऑफिस पर भी यह फ्लॉप रही। फिलहाल वे स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग कर रहे हैं, जिसमें जाह्नवी कपूर भी हैं। वे निखिल सिद्धार्थ की पीरियड फिल्म ‘द इंडिया हाउस’ को भी प्रोड्यूस कर रहे हैं।( PTI)
यह भी पढ़े– मौनी अमावस्या पर सुबह 1.3 करोड़ लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



