रामचंदर राव ने किया मूसी सौंदर्यीकरण के नाम पर गरीबों को बेघर किये जाने का विरोध
हैदराबाद, सरकार की प्रतिष्ठात्मक मूसी नदी सैंदर्यीकरण परियोजना के अंतर्गत लंगर हाउस, बापूघाट के समीप 5 हजार करोड़ रुपये से प्रस्तावित गांधी सरोवर प्रॉजेक्ट के चलते मूसी नदी तट के पास रिट्ज मधुपार्क अपार्टमेंट सहित अन्य घरों को ढहाने संबंधी नोटिस दिए जाने के चलते परेशान लोगों की समस्याएँ जानने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने मूसी तट के विभिन्न क्षेत्रों में मूसी गोसा – बीजेपी भरोसा यात्रा कर स्थानीय पीड़ितों से चर्चा की।
एन. रामचंदर राव ने यात्रा के दौरान बंड्लागुड़ा जागीर की परिधि में आने वाली विभिन्न कॉलोनियों सहित गंधमगुड़ा, विघ्नेश्वर कॉलोनी, के.के. कॉलोनी के अलावा गंडी मैसम्मा मंदिर के समीप मूसी नदी तट आदि क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ितों से चर्चा के बाद कहा कि सरकार ने जिन गरीबों को नोटिस दिया है, वह पूरी तरह जनविरोधी है। उन्होंने कहा कि मधुपार्क अपार्टमेंट रेसिडेंसी के पास 12 मीटर बफर जोन में सरकार की अनुमति से घर निर्माण किए गए, जिन्हें ढहाने हेतु नोटिस जारी किए हैं, लेकिन चिंता का विषय यह है कि इन घरों में सेवानिवृत्त सेना, जलसेना व वायुसेना के जवान रहते हैं।
रामचंदर राव ने कहा कि देश के विभिन्न क्षेत्रों से आकर सेना में सेवा दे चुके इन सेवानिवृत्त जवानों द्वारा सरकार से अनुमति प्राप्त कर बैंकों से कर्ज लेकर आवास निर्माण किए गए हैं। अपने पसीने की कमाई से ईएमआई भर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विष्णुपुरी कॉलोनी में करीब 150 से 200 गज भूमि पर छोटे मकान बनाकर रह रहे गरीब व मध्यवर्ग से परिवारों को सरकार द्वारा सड़क पर ला खड़ा करना निंदनीय है।
यह भी पढ़ें… 12 क्लस्टरों में हो रहा है राजधानी के 39 सब रजिस्ट्रार कार्यालयों का निर्माण : पोंगुलेटी
मूसी सफाई के लिए ट्रीटमेंट प्लांट व ड्रेनेज रोकने की मांग
रामचंदर राव ने स्पष्ट किया कि भाजपा मूसी सौंदर्यीकरण परियोजना के खिलाफ नहीं है, लेकिन गांधी के नाम पर गरीब व मध्यवर्ग के लोगों को डरा-धमकाकर उनके घरों को ढहाकर जबरन हटाया गया, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी, पीडितों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि मूसी नदी की सफाई आवश्यक है, नदी में साफ पानी हो, लेकिन इसके लिए सरकार ट्रिटमेंट प्लांट स्थापित करे, रिटेनिंग वॉल बनाए, नदी में ड्रेनेज पानी व इंडस्ट्रीज का रासायनिक जल शामिल होने से रोके।
रामचंदर राव ने कहा कि सरकार निर्वासितों को मुआवजा देने की बात तो कह रही है, लेकिन आर्थिक संकटों से जूझ रही सरकार के पास पैसे ही नहीं हैं। धन जुटाने के लिए सरकारी भूमियाँ तक बेच खाई है, तो मुआवजे की रकम कहाँ से देगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी यदि गरीबों को बेघर कर नगर का सर्वनाश करेंगे, तो भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि गांधी की 500 फीट ऊँची प्रतिमा स्थापित करने या मूसी सौंदर्यीकरण का भाजपा विरोध नहीं कर रही है।
रामचंदर राव ने गुजरात में भाजपा सरकार की सरदार सरोवर परियोजना का हवाला देते हुए कहा कि इस परियोजना को पूरे वैज्ञानिक तरीके से निर्मित किया गया था। किसी गरीब का घर नहीं ढहाया गया, बल्कि गुजरात में पर्यटन विकास व रोजगार सृजन की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि सरकार की गांधी सरोवर परियोजना को केंद्र का सहयोग बताया जा रहा है, यह गलत है। यह परियोजना पूरी तरह से राज्य की कांग्रेस सरकार की है, इसमें केंद्र सरकार का कोई सहयोग नहीं है। अवसर पर विधान परिषद सदस्य अंजी रेड्डी, मल्का कोमरय्या के अलावा स्थानीय भाजपा नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



