हैदराबाद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के त्याग का स्मरण करने का सभी से आह्वान किया। भाजपा मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए रामचंदर राव ने कहा कि गिरीजन कल्याण के लिए वर्तमान वर्ष के बजट में 42 हजार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। उन्होंने राज्य सरकार से मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने वाले कॉन्ट्रैक्टरों के बकाए बिल तुरंत अदा करने की माँग की।
रामचंदर राव ने चिंता जताते हुए कहा कि तेलंगाना में गिरीजन पाठशालाओं, गुरुकुलों में विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार तक उपलब्ध कराने में सरकार विफल साबित हुई है। हमेशा से कांग्रेस ने गिरीजनों की उपेक्षा ही की है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र की सत्ता में आने के बाद से गिरीजन कल्याण के मामले में इतिहास रचा गया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 6,700 गाँवों में 90 हजार घरों को पाइपलाइन द्वारा शुद्ध पेयजलापूर्ती कनेक्शन दिए, गिरीजन क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति की, 1 हजार नए आँगनवाड़ी केंद्र स्थापित किए गए, 531 गिरीजन उप जातियों को वन धन विकास केंद्र स्थापित कर आर्थिक स्वालंबन के लिए कदम उठाए।
यह भी पढ़ें… जुबली हिल्स उप-चुनाव में कांग्रेस की जीत तय : महेश कुमार गौड़
रामचंदर राव ने कहा कि वर्ष 2023 में 17 गिरीजन बहुल इलाकों में 6.7 करोड़ गिरीजनों के स्वास्थ्य चेकअप किए गए, वहीं मोबाइल हॉस्पिटल सेवाएँ दीं गईं, 11 स्वतंत्रता संग्राम योद्धाओं के म्यूजियम स्थापित किए गए। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में एसटी कमीशन का गठन किया गया, वहीं मोदी सरकार ने गिरीजन मंत्रालय बनाया।
