नई दिल्ली, दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में बुधवार को यहाँ राजस्थान रॉयल्स को सुपर ओवर में हराकर जीत की राह पर वापसी की। लगातार चार जीत के साथ शुरुआत करने वाले दिल्ली कैपिटल्स ने अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में पिछला मैच गँवाया था, लेकिन बुधवार को जीत हासिल की। टीम अब छह मैच में 10 अंक के साथ दोबारा शीर्ष पर पहुँच गई है।
रॉयल्स की टीम चार अंक के साथ आठवें स्थान पर है। सुपर ओवर में रॉयल्स के लिए शिमरोन हेटमायर (06) और रियान पराग (04) बल्लेबाजी के लिए उतरे, जबकि गेंद मिचेल स्टार्क ने थामी। हेटमायर और पराग ने चौके मारे, लेकिन पराग फ्री हिट पर रन आउट हो गए।
यशस्वी जायसवाल (00) भी इसके बाद रन आउट हुए, जिससे दिल्ली को 12 रन का लक्ष्य मिला। दिल्ली की ओर से लोकेश राहुल (नाबाद 07) और ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 06) बल्लेबाजी के लिए उतरे, जबकि रॉयल्स ने गेंद संदीप शर्मा को थमाई। राहुल ने पहली गेंद पर दो रन लिये और फिर अगली गेंद पर चौका मारा। स्टब्स ने चौथी गेंद पर छक्का जड़कर टीम को जीत दिलाई।
रॉयल्स की मजबूत शुरुआत, दिल्ली की वापसी
इससे पहले दिल्ली के 189 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स की टीम नितीश राणा (51 रन, 28 गेंद, छह चौके, दो छक्के) और यशस्वी जायसवाल (51 रन, 37 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) के अर्धशतक के बावजूद चार विकेट पर 188 रन ही बना सकी। रॉयल्स की टीम एक समय 14वें ओवर में एक विकेट पर 112 रन बनाकर काफी मजबूत स्थिति में थी, लेकिन दिल्ली की टीम स्टार्क (36 रन पर एक विकेट) की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से वापसी करने में सफल रही।
दिल्ली ने पाँच विकेट पर 188 रन बनाए थे। मेजबान टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। उन्होंने लोकेश राहुल (38) के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। कप्तान अक्षर पटेल ने अंत में 14 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों से 34, जबकि ट्रिस्टन स्टब्स ने 18 गेंदों में दो चौकों और इतने ही छक्कों से नाबाद 34 रन की पारी खेलकर टीम का स्कोर 190 रन के करीब पहुँचाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल्स को जायसवाल और कप्तान संजू सैमसन (31) ने पॉवर प्ले में बिना विकेट खोए 63 रन जोड़कर शानदार शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने मुकेश कुमार पर छक्का जड़ने के बाद मिचेल स्टार्क की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का भी मारा। सैमसन ने मुकेश पर दो छक्कों के बाद विपराज निगम का स्वागत लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ किया।
यह भी पढ़ें… पंजाब की बल्ले-बल्ले, चहल के चार विकेट से पंजाब किंग्स ने सबसे छोटे लक्ष्य का बचाव कर रिकॉर्ड बनाया
राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच रोमांचक मैच
सैमसन इस बीच भाग्यशाली भी रहे, जब मोहित शर्मा की गेंद पर आशुतोष शर्मा ने उनका आसान कैच टपका दिया। सैमसन को हालाँकि इसके बाद चोटिल होने के कारण रिटायर्ड हर्ट होकर वापस लौटना पड़ा। अक्षर ने रियान पराग (08) को बोल्ड करके पाँचवें मैच में मौजूदा सत्र का अपना पहला विकेट हासिल किया। जायसवाल ने कुलदीप यादव और ट्रिस्टन स्टब्स का स्वागत छक्कों के साथ किया। वह हालाँकि 45 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे, जब कुलदीप की गेंद पर मोहित बाउंड्री पर उनका कैच लपकने में नाकाम रहे।
नितीश राणा ने मोहित की गेंद पर एक रन के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया, जबकि इसी ओवर में जायसवाल ने भी एक रन के साथ 34 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। हालाँकि रन गति बढ़ाने का दबाव बढ़ रहा था और इसी कोशिश में जायसवाल ने कुलदीप की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर स्टार्क को कैच थमा दिया। नितीश ने अक्षर की गेंद को लॉन्ग ऑफ पर हवा में खेला, लेकिन स्टब्स कैच लपकने में नाकाम रहे और गेंद छह रन के लिए चली गई।
उन्होंने इसी ओवर में दो चौके भी मारे। नितीश ने अगले ओवर में कुलदीप की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा। ध्रुव जुरेल (26) ने मोहित पर छक्के के साथ 18वें ओवर में टीम के 150 रन पूरे किए, जबकि नितीश ने इसी ओवर में चौक के साथ 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। स्टार्क ने नितीश को पगबधा करके दिल्ली को वापसी दिलाने की कोशिश की। ओवर में सिर्फ आठ रन बने। जुरेल ने अगले ओवर में मोहित पर छक्के से 14 रन जुटाए। रॉयल्स को स्टार्क के अंतिम ओवर में नौ रन की जरूरत थी, लेकिन आठ ही रन बने, जिससे मैच सुपर ओवर में खिंचा।
स्कोर बोर्ड
दिल्ली कैपिटल्स : जैक फ्रेजर मैकगर्क का. जायसवाल बो. आर्चर 09, अभिषेक पोरेल का. पराग बो. हसरंगा 49, करुण नायर रन आउट 00, लोकेश राहुल का. हेटमायर बो. आर्चर 38, ट्रिस्टन स्टब्स नाबाद 34, अक्षर पटेल का. जुरेल बो. तीक्षणा 34, आशुतोष शर्मा नाबाद 15, अतिरिक्त : 09, कुल : 20 ओवर में पाँच विकेट पर 188 रन। विकेट पतन : 1-34, 2-34, 3-97, 4-105, 5-146, गेंदबाजी : आर्चर 4-0-32-2, देशपांडे 3-0-38-0, संदीप 4-0-33-0, तीक्षणा 4-0-40-1, हसरंगा 4-0-38-1, पराग 1-0-6-0.
राजस्थान रॉयल्स : यशस्वी जायसवाल का. स्टार्क बो. कुलदीप 51, संजू सैमसन रिटायर्ड हर्ट 31, रियान पराग बो. अक्षर 08, नितीश राणा पगबाधा बो. स्टार्क 51, ध्रुव जुरेल रन आउट 26, शिमरोन हेटमायर नाबाद 15, अतिरिक्त : 06, कुल : 20 ओवर में चार विकेट पर 188 रन। विकेट पतन : 1-76, 2-112, 3-161, 4-188, गेंदबाजी : स्टार्क 4-0-36-1, मुकेश 3-0-31-0, मोहित 4-0-38-0, विपराज 1-0-13-0, अक्षर 3-0-23-1, कुलदीप 4-0-33-1, स्टब्स 1-0-12-0.(भाषा)
