घर-घर नियमित कचरा वसूली अनिवार्य – सीएमसी आयुक्त ने किया कोमपल्ली का औचक दौरा
हैदराबाद, साइबराबाद नगर निगम आयुक्त जी. सृजना ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि नियमित रूप से घर-घर कचरा वसूली अनिवार्य रूप से अमल में लाई जाए। इसके लिए स्वच्छ ऑटो रिक्शा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए। सीएमसी आयुक्त ने कोमपल्ली सर्किल क्षेत्र में आकस्मिक दौरा कर स्वच्छता प्रबंधन, घर-घर कचरा संग्रहण, संपत्ति कर वसूली तथा ट्रेड लाइसेंस जारी करने से संबंधित विषयों पर व्यापक समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में कचरा वसूली पर निगरानी करने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए।

स्वच्छ ऑटो कर्मचारियों को निर्देश देते हुए आयुक्त ने कहा कि प्रतिदिन अनिवार्य रूप से प्रत्येक घर से कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। संग्रहण वाहनों की जीपीएस मॉनिटरिंग को सख्ती से लागू करते हुए कार्यप्रदर्शन की दैनिक समीक्षा करने के निर्देश उन्होंने दिये।
सीएमसी आयुक्त ने चेतावनी दी कि स्वच्छता कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन तथा पर्यवेक्षकों की निगरानी में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं कर्मचारी उपलब्ध न हों, तो तत्काल दूसरे कर्मचारियों का प्रबंध कर सफाई एवं स्वच्छता को सुनिश्चित किया जाए। वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में ट्रेड लाइसेंस जारी करने तथा कर वसूली में तेजी लाने, लंबित बकायों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
यह भी पढ़ें… कर्मचारी राज्य बीमा निगम के स्थापना दिवस पर साइकिलिंग का आयोजन
साथ ही डिजिटल माध्यमों से कर भुगतान को प्रोत्साहित करने तथा जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव अधिकारियों को दिया। आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता संबंधी शिकायतों पर तुरंत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए वार्ड स्तर पर निगरानी को सुदृढ़ किया जाए तथा जनभागीदारी के साथ स्वच्छता कार्यक्रम चलाए जाएँ।
सीएमसी प्रजावाणी में 43 शिकायतें
माधापुर स्थित साइबराबाद नगर निगम कार्यालय में आयोजित प्रजावाणी कार्यक्रम में नागरिकों से 43 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि शिकायतों के निपटारे हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएँ।
सीएमसी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें सुनीं। अतिरिक्त आयुक्तों ने प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अवसर पर अतिरिक्त आयुक्तों के साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



