घर में ही सुलझाएँ आपसी मतभेद : केटीआर
हैदराबाद, भारास के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने बीआरएस के भीतर मतभेदों को लेकर हो रहे प्रचार की ओर परोक्ष रूप से इशारा करते हुए कहा कि एक घर में परिवार के बीच कई वैचारिक मतभेद होते हैं, तो 60 लाख सदस्यों वाली राजनीतिक पार्टी बीआरएस में कैसे नहीं होंगे। इसलिए जो भी समस्या या शिकायत हो, उसे घर के भीतर ही सुलझाएँ। बीच बाजार में उछालकर पार्टी की इज्जत न निकालें।
भारास मुख्यालय तेलंगाना भवन में निर्मल जिले से संबंधित कुछ नेताओं के बीआरएस में केटीआर के समक्ष शामिल होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केटीआर ने आपसी मतभेद भुलाकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सच चौखट पार करने तक झूठ संसार की परिक्रमा करके लौट आता है। जिस प्रकार कालेश्वरम को लेकर दुष्प्रचार किया गया है, उसके बाद कांग्रेसियों पर भरोसा नहीं किया जा सकता है।
कालेश्वरम पर साजिश या सच्चाई? केटीआर के सवाल
उन्हें संदेह है कि कांग्रेस ने ही कहीं मेडीगड्डा के पिल्लर्स को ढहाने बम तो नहीं लगाए थे। उन्होने कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना में खामियों व भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव को जस्टिस पी.सी. घोष कमेटी के भेजे नोटिस पर संदेह जताते हुए कहा कि इस कमेटी का जबरन कार्यकाल क्यों बढ़ाया गया है, यह संदेह के दायरे में आता है। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को मल्टीपल पर्सनालिटी डिसऑर्डर रोग से ग्रसित बताते हुए कहा कि सरकार विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए डॉयवर्शन पॉलिटिक्स के कोई न कोई ऐसा काम कर रही है, जिससे जनता का ध्यान बाँटा जा सके।
केटीआर ने कहा कि पालमुरू रंगारेड्डी लिफ्ट सिंचाई परियोजना पर सुप्रीम कोर्ट ने किसी प्रकार की कोई खामी नहीं होने संबंधित जो फैंसला दिया, उसी प्रकार का निर्णय कालेश्वरम पर भी आएगा, क्योंकि उच्चतम न्यायालय ने खुद कालेश्वरम लिफ्ट सिंचाई परियोजना को इंजीनियरिंग का अद्भुत नमूना मानते हुए टिप्पणी की है, लेकिन कांग्रेस को इसमें खामियाँ नजर आ रही हैं।
केटीआर ने कहा कि मेडीगड्डा के पिल्लर में छोटी सी दरार हुई, तो उसे बड़ा करके दिखाना, पूरी कालेश्वरम परियोजना को ही गलत बताना तथा एनडीएसए की रिपोर्ट आना, इससे दुष्प्रचार साफ नजर आने लगा है। उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री कहते है कि कालेश्वरम ढहने वाला है, तो दूसरी ओर कहते हैं कि इसी परियोजना के भाग कोंडापोचम्मा सागर व मल्लन्ना सागर से हैदराबाद को पीने का पानी लाएँगे, यह सोचने वाली बात है।
यह भी पढ़ें… रेवंत रेड्डी अदालत में पेश
किसानों की अनदेखी और कार्यकर्ताओं को एकजुट होने का आह्वान
केटीआर ने कहा कि एक ओर राज्य में 500 किसानों ने जान दे दी, लेकिन मुख्यमंत्री ब्यूटी कॉन्टेस्ट कराने में व्यस्त हैं। किसान आत्महत्याओं पर समीक्षा करने तक का समय उनके पास नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में गुलजार हौज में अग्निदुर्घटना में 17 लोगों की जान चली गयी, लेकिन घटनास्थल पर जाने तक का सीएम के पास समय नहीं है।
केटीआर ने बीआरएस छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए निर्मल जिले से पूर्व मंत्री ए. इंद्रकरण रेड्डी की परोक्ष रूप से आलोचना करते हुए कहा कि कल तक बीआरएस में जो नेता पूरे आदर के साथ रहे, कांग्रेस में उन्हें बैठने तक के लिए कहने वाला कोई नहीं है। उन्होंने निर्मल जिले में पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकार काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव में बीआरएस की ओर से निर्मल जिले में अब्जर्वर भेजा जाएगा।
जो नेता पार्टी में बने रहेगा, उसे ही टिकट मिलेगा और सभी को मिलकर उसे जिताना होगा। उन्होंने कहा कि जून या जुलाई में बीआरएस का सदस्यता अभियान प्रारंभ किया जाएगा। कमेटियों का गठन होगा, फिर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी को हर मुद्दे पर जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता केसीआर को फिर से शासन में वापस देखना चाह रही है। रेवंत रेड्डी को सत्ता सौंपकर जनता पछता रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



