रेवंत रेड्डी ने दी बोनालू की शुभकामनाएँ
हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने बोनालू उत्सव की शुरुआत के अवसर पर राज्य की जनता को शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने शुभकामना संदेश में कहा कि आषाढ़ माह में बोनालू के साथ राज्य में उत्सव का माहौल शुरू हो जाएगा। सीएम ने कहा कि बोनालू उत्सव तेलंगाना संस्कृति और परंपराओं का प्रतीक है। इसे भक्तिभाव के साथ मनाना चाहिए। आषाढ़ माह का पहला बोनम ऐतिहासिक गोलकोंडा में जन्मी जगदंबिका येल्लम्मा को अर्पित किया जाएगा और बोनालू उत्सव हैदराबाद और सिकंदराबाद में धूमधाम से मनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें… श्री उज्जैनी महाकाली बोनालू में सीएम आमंत्रित
सीएम ने आशा जतायी कि देवी के आशीर्वाद से सभी लोग सुख, शांति से और स्वस्थ रहेंगे। राज्य में भरपूर बारिश होगी और फसलें अच्छी होंगी। सभी क्षेत्रों में प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष बोनालू उत्सव के आयोजन के लिए विशेष व्यवस्था की है। उत्सव की व्यवस्था और भक्तों की सुविधाओं के लिए 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा उपाय किए जाएँ। सभी विभागों के अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने की सलाह दी गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



