शाह से मिले रेवंत रेड्डी – तेलंगाना के लिए अतिरिक्त आईपीएस अधिकारियों की माँग

हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर तेलंगाना की आवश्यकताओं के अनुसार अतिरिक्त आईपीएस अधिकारी राज्य को आवंटित करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने बुधवार रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक की। सीएम ने बताया कि राज्य के गठन के बाद वर्ष 2016 में पहला कैडर रिव्यू हुआ था, जबकि 2021 में होने वाला दूसरा कैडर रिव्यू काफी देरी से 2025 में किया गया। उस समय भी तेलंगाना को केवल 7 आईपीएस अधिकारियों का ही अतिरिक्त आवंटन मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के साथ-साथ तेलंगाना भी साइबर अपराध, ड्रग्स, व्हाइट कॉलर अपराध और अन्य आधुनिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। हैदराबाद, साइबराबाद और मलकाजगिरी कमिश्नरेट के पुनर्गठन, भविष्य के लिए प्रस्तावित फ्यूचर सिटी कमिश्नरेट तथा हैदराबाद शहर में तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए राज्य को अधिक संख्या में आईपीएस अधिकारियों की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ें… सप्ताह में एक बार सरकारी स्कूल में भोजन करें कलेक्टर : सीएम रेवंत रेड्डी

आईपीएस कैडर रिव्यू 2026 में कराने का अनुरोध

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री से अनुरोध किया कि तीसरा कैडर रिव्यू निर्धारित वर्ष 2026 में ही करवाया जाए। वर्तमान में राज्य में 83 आईपीएस अधिकारी कार्यरत हैं, जिन्हें बढ़ाकर 103 करने की आवश्यकता है। बैठक में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच माओवादी उग्रवादियों के आत्मसमर्पण और पुनर्वास के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में तेलंगाना की पुलिसिंग में महत्वपूर्ण बदलाव आए हैं।

राज्य में 591 माओवादी हथियार छोड़कर मुख्यधारा के जीवन में लौट चुके हैं। हाल के दिनों में कई वरिष्ठ माओवादी नेता भी सामान्य जीवन अपनाने के लिए आगे आए हैं और उन्हें सरकार के नियमों के अनुसार मुआवजा और पुनर्वास सुविधाएँ दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने केंद्र से अनुरोध किया कि राज्य के पिछड़े क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार वित्तीय सहयोग प्रदान करे। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. शेषाद्रि, राज्य के डीजीपी बी. शिवधर रेड्डी, इंटेलिजेंस के अतिरिक्त डीजीपी विजय कुमार और एसआईबी की आईजीपी बी. सुमति भी उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button