केरल में रेवंत रेड्डी ने किया झूठा प्रचार : भाकपा
हैदराबाद, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय सचिव रामकृष्ण ने माँग की कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी लोगों को बताएँ कि तेलंगाना में विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों में से कितने पूरे हुए हैं?
रामकृष्ण ने आगे कहा कि केरल में चुनाव प्रचार के दौरान रेवंत रेड्डी का यह दावा कि तेलंगाना में छह गारंटियों को लागू कर दिया गया है, हास्यास्पद है। भाकपा नेता ने जारी वक्तव्य में कहा कि कल्याण लक्ष्मी योजना में एक तोला सोना देने का वादा पूरा नहीं किया गया है। रेवंत रेड्डी सरकार सरकारी पदों पर भर्ती के मामले में भी जनता को गुमराह कर रही है।
असल में सरकारी पदों के लिए भर्ती की पूरी प्रक्रिया, जिनके लिए वर्तमान सरकार ने उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दिये, वह बीआरएस सरकार के कार्यकाल के दौरान ही पूरी हो चुकी थी। कांग्रेस सरकार ने नये पदों पर भर्ती नहीं की है। उन्होंने कहा कि आरटीसी का सरकार में विलय करने का वादा आज तक पूरा नहीं किया गया। सभी किसानों का दो लाख का फसल ऋण माफ नहीं किया गया।
यह भी पढ़ें… राज्यभर में 99 दिवसीय ग्राम सभा कार्यक्रम का शुभारंभ
रैतु भरोसा के नाम पर हर किसान को 15 हजार प्रति एकड़ देने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। वृद्धा पेंशन को बढ़ाकर 4,116 करने का वादा भी पूरा नहीं किया गया। अकेली महिलाओं को हर महीने 2,500 पेंशन देने का वादा आज तक लागू नहीं किया गया। पृथक तेलंगाना आंदोलनकारियों को 200 गज जमीन देने का वादा तोड़ दिया गया। उन्होंने रेवंत रेड्डी द्वारा केरल में झूठा प्रचार करने को लेकर आलोचना की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



