संशोधित स्पीड पोस्ट शुल्क आज से प्रभावी
हैदराबाद, डाक विभाग द्वारा निरंतर सुधारों को बनाए रखने, बढ़ती परिचालन लागतों को पूरा करने और नए नवाचारों में निवेश करने के लिए स्पीड पोस्ट (दस्तावेजों) के शुल्क में संशोधन किया गया है, जो बुधवार, 1 अक्तूबर से लागू होगा। आज यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, देशभर में पत्रों और पार्सलों की तेज़ और विश्वसनीय डिलीवरी प्रदान करने के लिए डाक विभाग ने 1 अगस्त, 1986 को स्पीड पोस्ट की शुरुआत की थी।
पिछले कुछ वर्षों में स्पीड पोस्ट भारत में सबसे लोकप्रिय और विश्वसनीय डाक सेवाओं में से एक के रूप में उभरी है, जो निजी कूरियर कंपनियों के मुकाबले मजबूती से खड़ी है। अंतर्देशीय स्पीड पोस्ट के शुल्क में आखिरी बार अक्तूबर, 2012 में संशोधन किया गया था। अपनी शुरुआत से ही, स्पीड पोस्ट ग्राहकों की बदलती ज़रूरतों को पूरा करने के लिए लगातार विकसित हुआ है। देश में पसंदीदा डिलीवरी सेवा के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत करने के लिए अब इसे विश्वसनीयता, सुरक्षा और ग्राहक सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से नई सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया गया है।
छात्रों और थोक ग्राहकों को स्पीड पोस्ट पर विशेष छूट
डाक विभाग की नई सुविधाओं में ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी, ऑनलाइन भुगतान सुविधा, एसएमएस आधारित डिलीवरी सूचनाएँ, सुविधाजनक ऑनलाइन बुकिंग सेवाएँ, रीयल टाइम डिलीवरी अपडेट और उपयोगकर्ता पंजीकरण सुविधा होगी। पंजीकरण सेवा दस्तावेजों और पार्सल दोनों के लिए उपलब्ध होगी, जो सेवा प्राप्तकर्ता विशिष्ट सुरक्षित डिलीवरी प्रदान करेगी, ताकि विश्वास और गति का संयोजन हो सके।
यह भी पढ़े: तेलंगाना डाक परिमंडल ने शुरू की एपीटी 2.0 परियोजना
प्रति स्पीड पोस्ट वस्तु (दस्तावेज़/पार्सल) पर 25 रुपये का मामूली शुल्क और लागू जीएसटी लगाया जाएगा। डिलीवरी केवल प्राप्तकर्ता या विधिवत अधिकृत व्यक्ति को ही की जाएगी। बेहतर सुरक्षा के लिए ग्राहक ओटीपी आधारित डिलीवरी का विकल्प चुन सकते हैं। डिलीवरी स्टाफ द्वारा ओटीपी की सफल पुष्टि के बाद ही वस्तु सौंपी जाएगी। डाक विभाग द्वारा छात्रों के लिए स्पीड पोस्ट शुल्क पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट और नए थोक ग्राहकों के लिए 5 प्रतिशत की छूट रहेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



