आरटीसी कर्मचारियों ने दिया हड़ताल का नोटिस
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) ज्वाइंट एक्शन कमेटी (जेएससी) ने आरटीसी कर्मचारियों की लंबित विभिन्न समस्याओं को लेकर हड़ताल का नोटिस दिया।
टीजीएसआरटीसी मुख्यालय बस भवन में आरटीसी प्रबंधन को नोटिस दिए जाने के बाद मीडिया से बात करते हुए आरटीसी जेएसी चेयरमैन ईदूरू वेंकन्ना (ईयू), उपाध्यक्ष थॉमस रेड्डी (टीएमयू), एम. डी.मौलाना (एनएमयू) ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले आरटीसी के संरक्षण के लिए 6 मुद्दों पर आश्वासन देकर जीत हासिल की, परंतु सत्ता में आए ढाई वर्ष हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रमुख रूप से कांग्रेस ने सत्ता में आते ही आरटीसी का सरकार में विलय करने का वादा किया था, परंतु ढाई साल हो चुके हैं, अभी तक प्रक्रिया तक शुरू नहीं की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में रिटायर्ड हुए कर्मचारियों के सेटलमेंट अभी तक नहीं किए गए हैं। आरटीसी कर्मचारियों के 2 पीआरसी बकाए हैं।
यह भी पढ़ें… जनसमस्याओं पर सीएम को खुला पत्र लिखा रामचंदर राव ने
इसके अलावा कर्तव्य निर्वहन के समय मृत्यु होने वाले कर्मचारियों के परिवार में एक योग्य को रेगुलर बेस पर नौकरी देने का वादा किया गया था, परंतु अनुकम्पा नियुक्ति के नाम पर केवल कंसॉलिडेट बेस पर ही रखा जा रहा है। उन्होंने माँग की कि सिंगरेणी व सरकारी विभागों की भांति ब्रिड विन्नर स्कीम आरटीसी में लागू की जाए। उन्होंने बताया कि नोटिस देने के बाद 14 दिनों का समय होता है। उसके बाद 42 दिनों के पश्चात कभी भी हड़ताल पर जा सकते हैं। यदि सरकार माँगों को हल्के में लेगी, तो 14 दिनों के बाद हड़ताल की तिथि घोषित की जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



