गाजा पुनर्निर्माण के लिए रूस देगा 1 अरब डॉलर – पुतिन
मॉस्को, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को कहा कि मॉस्को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल वाले शांति बोर्ड के तहत गाजा के पुनर्निर्माण के लिए एक अरब अमेरिकी डॉलर आवंटित करने को तैयार है। यह रकम अमेरिका में जब्त की गई रूसी संपत्ति से दी जाएगी।
पुतिन ने रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन में, फलस्तीनी नेता महमूद अब्बास से मुलाकात की और यह भी कहा कि पश्चिम एशिया में वास्तविक समाधान की एकमात्र कुंजी एक पूर्ण संप्रभु फलस्तीनी राष्ट्र है। रूसी राष्ट्रपति ने अब्बास का स्वागत करते हुए कहा, ‘‘हमारा मानना है कि एक संप्रभु फलस्तीनी राष्ट्र का निर्माण ही पश्चिम एशिया में संघर्ष के अंतिम समाधान का एकमात्र रास्ता है।’’
गाजा में युद्धपश्चात पुनर्निर्माण और राहत कार्यों पर ध्यान
अब्बास बुधवार रात को उच्च स्तरीय वार्ता के लिए दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे। पुतिन, जिन्हें शांति बोर्ड में शामिल होने का आमंत्रण मिला है, ने ट्रंप के शांति प्रयासों का स्वागत किया और कहा कि मॉस्को अमेरिका में रूस की जब्त की गई संपत्तियों में से एक अरब अमेरिकी डॉलर गाजा के पुनर्निर्माण के लिए आवंटित करने को तैयार है।
बैठक के दौरान अब्बास ने कहा कि वह रूस को फलस्तीनी लोगों का अच्छा मित्र मानते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘रूस पिछले 50 वर्षों से फलस्तीन का एक अच्छा मित्र रहा है। रूस ने हमेशा फलस्तीनी लोगों के समर्थन में एक मजबूत रुख अपनाया है।’’उन्होंने उम्मीद जताई कि मॉस्को की मदद से संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुपालन पर आधारित शांति स्थापित करना संभव होगा। (भाषा)
यह भी पढ़े– वेनेजुएला की नोबेल विजेता ने ट्रंप को भेंट किया पदक
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



