इथोपिया-तंजानिया होकर कोलकाता पहुंचे साउथ अफ्रीकी खिलाड़ियों के परिवार
कोलकाता, वायुक्षेत्र से जुड़ी मौजूदा पाबंदियों के बावजूद दक्षिण अफ्रीकी टीम के कुछ खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप सेमीफाइनल मैच के लिए ठीक समय पर कोलकाता पहुंच गए हैं। वह इथोपिया और तंजानिया के रास्ते भारत पहुंचे।
दक्षिण अफ्रीका बुधवार को ईडन गार्डन्स में पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। खिलाड़ियों के परिवार के सदस्य दुबई के बाधित रास्ते से बचते हुए यहां पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक परिवारों ने इथोपिया के आदिस अबाबा के रास्ते यात्रा की जबकि एक परिवार तंजानिया के रास्ते भारत पहुंचने का विकल्प चुना। ईरान ने उस पर हुए अमेरिका और इजराइल के हमलों का जवाब देते हुए कई खाड़ी देशों पर हमला किया है जिससे वायु क्षेत्र बंद किया गया है और इससे उड़ाने प्रभावित हुई हैं।
मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि कुछ परिवार पश्चिम एशिया में लड़ाई शुरू होने के एक दिन बाद पहुंचे। लेकिन शुक्र है कि वे बिल्कुल अलग रास्ते से आए और इसलिए उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। दक्षिण अफ्रीका टीम जब चाहे वापस जा सकती है क्योंकि उन्हें दुबई का रास्ता नहीं अपनाना पड़ेगा। पश्चिम एशिया की मौजूदा परिस्थितियों ने टूर्नामेंट से लौटने वाली टीमों की समस्या बड़ा दी है लेकिन आयोजकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में हालात सुधरेंगे।
पीवी सिंधू दुबई में फंसी, टूर्नामेंट से नाम वापस
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में वायु क्षेत्र बंद होने से अंतरराष्ट्रीय खेल टीम और खिलाड़ियों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधू बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से नाम वापस लेने के बाद देश लौट आई हैं।
यह भी पढ़े: दक्षिण अफ्रीका ने खत्म किया आईसीसी खिताब के 27 साल का इंतजार
पश्चिम एशिया में वायु क्षेत्र बंद होने के कारण वह दुबई में फंसी हुई थीं। वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद अभी भारत में फंसी हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने खिलाड़ियों, अधिकारियों और स्टाफ के लिए आपात उपाय शुरू किए हैं और यूरोपीय या दक्षिण एशियाई हब के जरिए दूसरे रास्ते खोजने के लिए विमान कंपनियों के साथ काम कर रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



