संगारेड्डी : मिड-डे मील में बचा हुआ खाना खाने से 22 छात्र बीमार
संगारेड्डी, खर्च कम करने के चक्कर में 22 विद्यार्थी अस्पताल पहुँच गये। यह घटना नारायणखेड़ मंडल के वेंकटपुर गाँव में एक मंडल परिषद प्राइमरी स्कूल में घटी। यहाँ कथित तौर पर खर्च कम करने की कोशिश में एक निजी समारोह का बचा हुआ खाना एक दिन बाद मिड-डे मील में परोस दिया गया, जिसके कारण गुरुवार को 22 विद्यार्थियों को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा।
विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के मुताबिक स्कूल के मिड-डे मील कर्मचारियों ने बुधवार को हुए एक निजी समारोह से बचा हुआ सांभर और करी इकट्ठा किया। खबर है कि एक दिन बाद खाना दोबारा गर्म करके लंच के दौरान विद्यार्थियों को परोसा गया। स्कूल में आने वाले 42 विद्यार्थियों में से 22 खाना खाने के तुरंत बाद बीमार पड़ गए। प्रभावित विद्यार्थियों को उल्टी होने लगी और उन्होंने पेट में तेज दर्द और दूसरी समस्याओं की शिकायत की। उन्हें नारायणखेड़ के सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें… मेदक : पूर्व उप-सरपंच सरपंच गम्पला बालेश की नृशंस हत्या
विधायक पटलोल्ला संजीव रेड्डी, सब-कलेक्टर उमाहरथी और पूर्व बीआरएस विधायक एम भूपाल रेड्डी ने हॉस्पिटल जाकर विद्यार्थियों का हालचाल पूछा। भूपाल रेड्डी ने घटना की जांच और ज़िम्मेदार लोगों के खिल़ाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना की जांच चल रही है। इस बीच एक मिड-डे मील वर्कर एस नागमणि, जो कथित तौर पर विद्यार्थियों को बचा हुआ खाना परोसने के लिए ज़िम्मेदार थी, को विद्यार्थियों के अस्पताल में भर्ती होने के कुछ घंटों बाद नौकरी से हटा दिया गया। गुरुवार को एक बयान में डिस्ट्रिक्ट एजुकेशनल ऑफिसर वेंकटेश्वरलू ने स्कूल में मिड-डे मील बनाने की देखरेख में कमी के लिए हेडमास्टर काशीनाथ को कारण बताओ नोटिस भी दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



