संगारेड्डी : विचाराधीन कैदियों से घूस का मामला, कर्मचारियों पर गुस्साए जेलर


हैदराबाद, संगारेड्डी सेंट्रल जेल के अधीक्षक कलासागर ने जेल के ही कुछ कर्मचारियों पर कैदियों को सुविधाएं देने के बदले यूपीआई पेमेंट के जरिए रिश्वत लेने का गंभीर आरोप लगाया। अधीक्षक ने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भ्रष्टाचार रोकने स्टाफ को दिए कड़े निर्देश
कलासागर ने बताया कि वह काफी समय से इस तरह की गतिविधियों की जानकारी जुटा रहे थे और कई बार स्टाफ को चेताया भी था, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद गड़बड़ियां जारी रहीं। कल रात सभी कर्मचारियों को कड़ा संदेश भेजते हुए उन्होंने कहा कि अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अपने संदेश में उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी और कैदी, रोज़ाना अदालत की पेशी से लौटने के बाद, जेल में प्रतिबंधित सामान अवैध रूप से ला रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि ऐसे मामलों को अब आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज कर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। अधीक्षक ने यह भी घोषणा की कि इस तरह की धांधलियों पर रोक लगाने के लिए जेल में कड़े तलाशी अभियान चलाए जाएंगे। अधीक्षक के इस सख्त संदेश से जेल स्टाफ में हड़कंप मच गया है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
