संस्कृति ने मनोरंजक गतिविधियों के बीच आयोजित किया फिनाले
हैदराबाद, संस्कृति द्वारा सोमाजीगुड़ा स्थित होटल जलपान में फिनाले शीर्षक से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवसर पर जुड़ें अपनी संस्कृति से थीम वाले वर्ष से जुड़ी विभिन्न स्मृतियों को साझा करते हुए विभिन्न प्रकार की मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।






















संस्कृति की अध्यक्ष रमा पटवा ने स्वागत वक्तव्य देते हुए कहा कि इस वर्ष के समापन के अवसर पर यहां खड़े होकर मेरा मन सचमुच भावनाओं से भर गया है। पूरे साल की यादें जैसे एक सुंदर यात्रा की तरह आंखों के सामने आ रही हैं। संस्कृति की अध्यक्ष बनना मेरा एक सपना था और जब यह जिम्मेदारी मुझे मिली, तो वह पल मेरे लिए सपना पूरा होने जैसा था। आज जब मैं इस पूरे वर्ष की ओर मुड़कर देखती हूं, तो महसूस होता है कि यह केवल मेरा सपना नहीं था, यह हम सबका साझा सफर बन गया था। संस्कृति केवल त्यौहारों या परंपराओं तक सीमित नहीं होती है। संस्कृति हमारे व्यवहार में, हमारे विचारों में और सबसे बढ़कर हमारे आपसी रिश्तों में दिखाई देती है। पूरे वर्ष हमने कोशिश की कि हमारे कार्यक्रमों के माध्यम से हम अपनी संस्कृति की उस खूबसूरती को महसूस कर सकें।
यह भी पढ़ें… कबूतरखाना में मनाया गया गणगौर उत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
कोऑर्डिनेटर्स व कमेटी के योगदान की सराहना
संस्कृति जैसी संस्था की स्थापना के लिए संस्थापिकाओं का आभार व्यक्त करते हुए रमा पटवा ने अपने सफल कार्यकाल में योगदान तथा मार्गदर्शन देने के लिए कोऑर्डिनेटर्स तथा एडवाइजर्स के साथ-साथ अपनी पूरी कमेटी के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने उन सदस्यों का भी विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने हर कार्यक्रम में अपनी जिम्मेदारियों को पूरे समर्पण के साथ निभाया। रमा पटवा ने अपने जीवनसाथी श्याम पटवा का भी विशेष धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके नैतिक समर्थन, विश्वास तथा प्रोत्साहन के बिना शायद वे इस जिम्मेदारी को इतने आत्मविश्वास के साथ न निभा पातीं।
अंत में उन्होंने कहा कि आज इस वर्ष के समापन के इस क्षण पर उनके मन में बस एक ही भावना आभार है। सबके प्रेम, विश्वास और सहयोग ने मेरे कार्यकाल को केवल सफल ही नहीं, बल्कि अविस्मरणीय बना दिया है। अवसर पर विभिन्न मनोरंजक तथा रोमांचक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्कृति की तत्काल पूर्व अध्यक्ष जेनी मोमाया, उपाध्यक्ष अकिता मल्होत्रा, सचिव राखी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विनीता सेठिया, को-ऑप्टेड सदस्य सोनल दोशी, परामर्शदाता नम्रता बोलाकी, वंदना शेते व अन्य सदस्याओं ने योगदान प्रदान किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





