उगादि पर हीरा हॉल में सत्संग व भजन कार्यक्रम
हैदराबाद, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान द्वारा किंग कोठी स्थित हीरा हॉल में उगादि पर्व को समर्पित सत्संग एवं भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अवसर पर आयोजित प्रवचन में साध्वी भावना भारतीजी ने कहा कि गुरु की विशेष कृपा प्राप्त करने के लिए साधक को पूर्ण समर्पण, दृढ़ता और निरंतर साधना के माध्यम से गुरु को प्रसन्न करना होता है। उन्होंने भक्त अंबादास जी की कथा के माध्यम से बताया कि सच्चा शिष्य वही है, जो विपरीत परिस्थितियों में भी गुरु आज्ञा का पालन करता है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग संघर्ष का मार्ग है, किंतु यही संघर्ष आत्म निर्माण का आधार बनता है। अतः साधक को कभी उत्साह या साहस नहीं खोना चाहिए। अपनी आध्यात्मिक गति को निरंतर बनाए रखना चाहिए।
यह भी पढ़ें… कारवान दादावाड़ी में चातुर्मास की तैयारियों को लेकर की गई चर्चा
साध्वी जी ने कहा कि सच्चा जुड़ाव केवल गुरु से भाव और चिंतन के स्तर पर होना चाहिए, जिसके लिए साधना और सेवा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नियमित ध्यान, विश्वास और श्रद्धा के साथ चलने वाला साधक ही जीवन में वास्तविक उन्नति प्राप्त करता है। कार्यक्रम का संचालन साध्वी साक्षी भारती जी ने किया। सत्संग के उपरांत सभी उपस्थित भक्तों ने सामूहिक साधना में भाग लिया। तदुपरांत मंगल आरती एवं भंडारे का आयोजन किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



