दिल्ली में 85 करोड़ की एससी/एसटी परियोजनाओं की शुरुआत
नयी दिल्ली, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि दिल्ली सरकार जन कल्याण के लिए कई विकासात्मक कदम उठा रही है जो पिछले कई वर्षों से लंबित थे।
मुख्यमंत्री ने तिमारपुर क्षेत्र के मलकागंज चौक स्थित अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति बस्ती में 85 करोड़ रुपये की लागत से 146 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। गुप्ता ने कहा कि इस क्षेत्र में रह रहे परिवार वर्षों से विकास कार्यों का इंतजार कर रहे थे। यह पहली बार है जब कोई ऐसी सरकार सत्ता में आई है जो उनके सपनों को पूरा करने के लिए कदम उठा रही है।
गुप्ता ने दावा किया कि उनकी सरकार ने दिल्ली में लंबे समय से लंबित पड़ी कई परियोजनाओं को पुनर्जीवित करने का काम किया है, चाहे वह सड़कों के किनारे नालों का निर्माण हो, फ्लाईओवर का निर्माण, दिव्यांगजन के लिए छात्रावास, विद्यार्थियों के लिए कोचिंग की व्यवस्था हो या अन्य विकास कार्य।
यह भी पढ़े: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गणेश चतुर्थी पर पूजा-अर्चना की
मुख्यमंत्री ने कहा कि मतदाताओं के आशीर्वाद से 27 वर्ष बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार सत्ता में आई और इसी वजह से हम दिल्ली में विकास कार्य करा पा रहे हैं। अब हम आरोग्य मंदिर और अटल कैंटीन खोल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए 100 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग किया जा रहा है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



