दमरे महाप्रबंधक ने प्रदान किए कर्मचारी सुरक्षा पुरस्कार
हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अरुण कुमार जैन ने सिकंदराबाद स्थित रेल निलयम में सुरक्षा समीक्षा बैठक की। साथ ही उन्होंने ट्रैक मेंटेनर, तकनीशियन, स्टेशन मास्टर जैसी विभिन्न परिचालन भूमिकाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले छह कर्मचारियों को रेलवे सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके परिश्रम और समर्पण के लिए माह के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी पुरस्कार से सम्मानित किया।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समीक्षा बैठक में अरुण कुमार जैन ने सिग्नल एवं दूरसंचार, इंजीनियरिंग और मैकेनिकल सहित कई विभागों में जारी सुरक्षा अभियानों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने फील्ड स्तर पर निरंतर परामर्श सत्रों की आवश्यकता दोहराई, ताकि यह सुनिश्चित हो कि कर्मचारी उच्च सुरक्षा मानकों को बनाए रखने में सतर्क और सक्रिय रहें।
उन्होंने चालक दल के काम के घंटों के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिकारियों को समय-निर्धारण को अनुकूलित करने हेतु ट्रेन की आवाजाही का गहन विश्लेषण करने का निर्देश दिया। उन्होंने यात्री और मालगाड़ी परिचालन की समयबद्धता को और बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को शामिल करते हुए एकीकृत योजना तैयार करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें… दमरे ने 3 रेलवे स्टेशनों पर किया नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल
रेल कर्मचारियों को सम्मान, समीक्षा में व्यापक भागीदारी
अरुण कुमार जैन ने सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान छह कर्मचारियों को अप्रैल-2025 के लिए माह के सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी सुरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। यह पुरस्कार उन रेलकर्मियों को दिए जाते हैं, जिन्होंने असुरक्षित स्थितियों को रोकने में असाधारण सतर्कता और समर्पण का प्रदर्शन किया। दमरे महाप्रबंधक ने संभावित जोखिमों को टालने में त्वरित कार्रवाई के लिए सिकंदराबाद (2), विजयवाड़ा (2) और गुंटूर (2) के विभिन्न डिवीजनों के छह कर्मचारियों की व्यक्तिगत रूप से सराहना करते हुए रेलवे परिचालन में सतर्कता की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया।
बैठक में दक्षिण मध्य रेलवे के अतिरिक्त महाप्रबंधक नीरज अग्रवाल ने सभी प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ भाग लिया। सिकंदराबाद, हैदराबाद, विजयवाड़ा, गुंतकल, गुंटूर तथा नांदेड़ डिवीजनों के मंडल रेल प्रबंधकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से समीक्षा बैठक में भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



