सीडीएस अनिल चौहान ने दिया तीसरी क्रांति पर बल
हैदराबाद, सिकंदराबाद स्थित रक्षा प्रबंधन महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने सैन्य मामलों में तीसरी क्रांति पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे युद्ध भौतिक से कृत्रिम और संज्ञानात्मक क्षेत्रों तक विस्तारित हो रहा है, भारतीय सशस्त्र बलों को नेट-सेंट्रिक अभियानों से हटकर इंटेलिजेंट वॉरफेयर की ओर तथा बहु-क्षेत्रीय अभियानों से आगे बढ़कर सर्वक्षेत्रीय अभियानों की ओर अग्रसर होना चाहिए।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जनरल अनिल चौहान ने स्कूल ऑफ बिजनेस के साथ आयोजित दो दिवसीय तथा बहु-क्षेत्रीय एकीकृत तकनीकी रूप से सशक्त लचीली सशस्त्र सेना (मित्रा) विषय पर वार्षिक संगोष्ठी में सैन्य मामलों में तीसरी क्रांति पर विशेष रूप से विचार रखे। इसकी विशेषता अभिसारी युद्ध है, जो संघर्ष के सभी स्तरों पर संपर्क और गैर-संपर्क, गतिज, गैर-गतिज के साथ पुराने तथा नए क्षेत्रों को एकीकृत करता है।
सैन्य रणनीति और आत्मनिर्भर बहु-क्षेत्रीय सुरक्षा पर जोर
तेजी से जटिल होते भू-राजनीतिक और तकनीकी परिदृश्य में सैन्य और युद्ध रणनीतियों की बदलती भूमिका को रेखांकित करते हुए अपने संबोधन में उन्होंने परमाणु-रहित रणनीतिक प्रतिरोध स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि संघर्ष के हर स्तर पर जीत हासिल करने की क्षमता सुनिश्चित की जा सके। बताया गया कि यह वार्षिक संगोष्ठी भारत के विशिष्ट परिचालन परिवेश के साथ समकालीन संघर्षों से प्राप्त सबक को संरेखित करने के लिए रणनीतिक मंच के रूप में कार्य करती है। इसका केंद्र बिंदु मुख्य रूप से आत्मनिर्भरता और संरचनात्मक सुधार है।
यह भी पढे़: चीन सीमा विवाद भारत की सबसे बड़ी चुनौती: जनरल अनिल चौहान
साथ ही, इसका उद्देश्य बहु-क्षेत्रीय दृष्टि, एकीकृत कार्यप्रणाली, प्रौद्योगिकी-सशक्त क्रियान्वयन तथा दृढ उद्देश्य वाली बहु-क्षेत्रीय एकीकृत तकनीकी रूप से सशक्त लचीली सशस्त्र सेनाओं का विकास करना है। इसके अलावा वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों, विद्वानों, उद्योग भागीदारों और विशेषज्ञों की भागीदारी के बीच व्यापक राष्ट्रीय शक्ति के विकास के लिए बौद्धिक विमर्श और रणनीतिक दूरदर्शिता को बढ़ावा देना है, ताकि भविष्य के संघर्षों के प्रशासन और प्रबंधन के साथ एक दृढ़ भारत का निर्माण किया जा सके।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



