होली से पहले ओडिशा में हाई अलर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था
भुवनेश्वर, ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाईबी खुरानिया ने सभी पुलिस अधीक्षकों (एसपी) और पुलिस उपायुक्तों (डीसीपी) को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में तथा यह सुनिश्चित करने को कहा है कि होली के जश्न के दौरान महिलाओं और बुजुर्गों को परेशान न किया जाए।
खुरानिया ने ध्यान दिलाया कि मंगलवार को डोल पूर्णिमा, बुधवार को होली, 21 मार्च को ईद-उल-फितर, 27 मार्च को राम नवमी और 14 अप्रैल को हनुमान जयंती और महा विषुव संक्रांति मनाई जाएगी। खुरानिया ने व्यापक सुरक्षा प्रबंधों की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि इस संदर्भ में लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि त्योहार बिना किसी घटना के संपन्न हों।
खुरानिया ने सोशल मीडिया पर अफवाहों और भड़काऊ सामग्री को रोकने के लिए निरंतर सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने सभी जिलों में साइबर प्रकोष्ठों से विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर निरंतर निगरानी रखने को कहा। डीजीपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में 24 घंटे गश्त करने का भी आह्वान किया। जिला पुलिस प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शराब पीकर वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और तेज ध्वनि यंत्र का इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
समुद्र तट पर डूबने की घटनाएं रोकने के निर्देश
संवेदनशील शहरी इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी सलाह दी गई है। खुरानिया ने अधिकारियों को खुफिया जानकारी जुटाने में तेजी लाने, शांति समितियों और सामुदायिक नेताओं के साथ बैठक करने, स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में आदतन अपराधियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस को पदयात्राओं और मोटरसाइकिल रैलियों पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को भी कहा गया है।
यह भी पढ़े: होली से पहले झारखंड में कड़े सुरक्षा इंतजाम, अतिरिक्त बल तैनात
भुवनेश्वर में पुलिस उपायुक्त जगमोहन मीणा ने कहा कि राज्य की राजधानी में शांतिपूर्ण होली समारोह के लिए एक व्यापक सुरक्षा योजना लागू की गई है। उन्होंने बताया कि बल की कुल 31 प्लाटून तैनात की गई हैं, साथ ही चार अतिरिक्त डीसीपी, आठ एसीपी, 26 निरीक्षक और 34 सशस्त्र रिजर्व बल कर्मी भी तैनात हैं। पुरी के एसपी प्रतीक सिंह ने कहा कि होली के उत्सव में भाग लेने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि होली के दौरान विदेशियों के प्रति दुर्व्यवहार की कोई घटना सामने नहीं आती हैं। डूबने की घटनाओं को रोकने के लिए होटल मालिकों और जीवन रक्षकों को समुद्र तट पर पर्यटकों पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा गया है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



