जैविक खेती में शामिल होंगे स्वयंसहायता समूह : भट्टी विक्रमार्का
हैदराबाद, उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का मल्लू ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों का कल्याण है। इसके लिए सरकार जैविक खेती में स्वयं सहायता समूहों को शामिल करने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं।
उप मुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्का ने डॉ. बी.आर. अंबेडकर सचिवालय में कृषि विभाग के प्रस्तावों की समीक्षा के लिए कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव और सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी के साथ पूर्व बजट बैठक की। उप मुख्यमंत्री ने कृषि अधिकारियों को सलाह दी कि जैविक और प्राकृतिक खेती में स्वयं सहायता समूहों को भागीदार बनाया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि सब्जियों और फूलों की खेती स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराई जाए और उनके उत्पादों के लिए उचित विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने रैतु वेदिकाओं, कृषि बाजार गोदामों और वेयरहाउसिंग सुविधाओं पर सोलर रूफटॉप लगाने के निर्देश दिये, ताकि बिजली का उत्पादन किया जा सके।
यह भी पढ़ें… जनसमस्याओं पर सीएम को खुला पत्र लिखा रामचंदर राव ने
कृषि संस्थाओं पर सोलर रूफटॉप लगाने के निर्देश
इस व्यवस्था से कृषि विभाग के बिजली खर्च में कमी आएगी और अतिरिक्त बिजली बेचने का अवसर भी मिलेगा, जिससे विभाग की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कृषि विभाग की संस्थाओं पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा विकास निगम से परामर्श लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएँ।
कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने कहा कि किसानों के कल्याण को लक्ष्य बनाकर सरकार बड़े पैमाने पर सब्सिडी दरों पर कृषि मशीनरी वितरित कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को सब्सिडी पर बीज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों के कल्याण के लिए बड़ी मात्रा में धन खर्च किया जा रहा है। अधिकारियों को इन लाभों की जानकारी किसानों तक स्पष्ट रूप से पहुँचानी चाहिए। सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी और कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने राज्य में विभिन्न लिफ्ट सिंचाई योजनाओं के तहत फसल पैटर्न, पानी की आपूर्ति, यासंगी सीजन में धान की खेती का क्षेत्र, बाजारों में धान की संभावित आवक और खरीद की व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



