वरिष्ठ पत्रकार कोम्मिनेनी श्रीनिवास गिरफ़्तार
हैदराबाद, आंध्र-प्रदेश के अमरावती की तुल्लूरु पुलिस ने वरिष्ठ पत्रकार कोम्मिनेनी श्रीनिवास को आज सुबह उनके जर्नलिस्ट कॉलोनी, जुबली हिल्स स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
कोम्मिनेनी श्रीनिवास समेत बीवीआर कृष्णमराजू के खिलाफ रायपुड़ी ग्राम, तुल्लूरु निवासी कम्भमपाटी शिरीषा की शिकायत पर अपराध संख्या 108/2025 के तहत बीएनएस की धारा 79, 196(1), 353(2), 299, 356(2), 61(1) और आईटी अधिनियम की धारा 67 और एससी, एसटी प्रताड़ना निरोधक अधिनियम की धारा 3(1)(यू) के तहत मामले दर्ज किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 6 जून को साक्षी चैनल पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान कृष्णमराजू और श्रीनिवास ने अमरावती की महिलाओं के खिलाफ असभ्य भाषा का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की थी। दोनों ने अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के बजाय वेश्याओं और एड्स रोगियों की राजधानी बताते हुए अमरावती की महिलाओं का अपमान किया। यह चर्चा कार्यक्रम दुबारा 8 जून को भी प्रसारित किया गया।
यह भी पढ़ें… भारी मात्रा में गैर शुल्क भुगतान वाली शराब की बोतलें जब्त, दो गिरफ्तार
शिरीषा की शिकायत पर पुलिस ने कल मामला दर्ज कर आज सुबह कोम्मिनेनी श्रीनिवास को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें विजयवाड़ा ले जाकर अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में आरोपी कृष्णमराजू फरार है। पुलिस कृष्णमराजू की तलाश कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



