दो साल बाद सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से रिहा


नई दिल्ली, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान जेल से रिहा हो गए हैं। करीब 23 महीने बाद आजम खान जेल से बाहर आए हैं। आजम खान सफेद रंग की गाड़ी में जेल से बाहर निकले।
इसके बाद तुरंत मीडियाकर्मियों ने घेर लिया और सवाल पूछने लगे। हालांकि उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और मुस्कुराते हुए आगे निकल गए। जेल से निकलने के बाद आजम ने बसपा में जाने के सवाल पर कहा- यह अटकलें लगाने वाले ही बता सकते हैं। मैं जेल में किसी से नहीं मिला। फोन करने तक की इजाजत नहीं थी।

आजम पर 104 केस दर्ज
आजम खान को 5 दिन पहले हाईकोर्ट ने बीयर बार पर कब्जे से जुड़े केस में जमानत दी थी। यह आखिरी मामला था, जिसमें उन्हें जमानत मिली। हालांकि, जमानत मिलते ही पुलिस ने शत्रु संपत्ति मामले में नई धाराएं जोड़ दी हैं। 20 सितंबर को रामपुर कोर्ट ने ये धाराएं खारिज कर दीं, जिससे रिहाई का रास्ता साफ हो गया।
आजम पर 104 केस दर्ज हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आजम खान के दोनों बेटे अदीब और अब्दुल्ला उन्हें लेने पहुंचे। वे 100 गाड़ियों के काफिले के साथ यहां से रामपुर के लिए रवाना हो गए। आजम की रिहाई सुबह 9 बजे होनी थी, लेकिन एक केस में 6000 रुपये जुर्माना नहीं भरा गया था। 10 बजे कोर्ट खुलने पर यह रकम जमा हुई। इसके बाद 12.30 बजे उनकी रिहाई हुई।(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
