स्वरोजगार का मार्ग है सेटविन प्रशिक्षण : कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी
हैदराबाद, राज्य के सड़क एवं भवन निर्माण मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना सरकार का मुख्य लक्ष्य युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करना है। नलगोंडा में राज्य सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम सेटविन द्वारा प्रशिक्षण केंद्र में पाठ्यक्रम पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरण समारोह चेयरमैन एन. गिरिधर रेड्डी और प्रबंध निदेशक एम. उपेंद्र रेड्डी की देखरेख में आयोजित किया गया।
इसमें बतौर मुख्य अतिथि भाग लेते हुए मंत्री कोमटिरेड्डी वेंकट रेड्डी ने कहा कि पिछले वर्ष नलगोंडा में शुरू की गई सेटविन की प्रशिक्षण कक्षाएं काफी सफल रही हैं। वर्तमान में युवाओं को 27 विभिन्न प्रकार के तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मंत्री ने युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।
यह भी पढ़े : अतिरिक्त वाणिज्यिक पर एलपीजी केन्द्र को पत्र
सेटविन चेयरमैन गिरिधर रेड्डी ने बताया कि बेरोजगार युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशिक्षण शुल्क में विशेष रियायतें दी जा रही हैं। सेटविन के माध्यम से युवाओं को न केवल कौशल सिखाया जा रहा है, बल्कि उन्हें रोजगार से जोड़ने के लिए हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। कार्यक्रम में नलगोंडा की मेयर बुर्री चैतन्य श्रीनिवास रेड्डी, डिप्टी मेयर मोहम्मद अशरफ अली अमर, जिला कलेक्टर चंद्रशेखर बडुगु, आरडीओ अशोक रेड्डी, सेटविन ट्रेनिंग इंचार्ज एम. नवीन कुमार, नलगोंडा केंद्र प्रभारी रेणुका, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बुर्री श्रीनिवास रेड्डी व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





