शाबाद पुलिस ने किया दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार
हैदराबाद, फ्यूचर सिटी पुलिस आयुक्तालय की शाबाद पुलिस ने दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक किलो गांजा ज़ब्त किया। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में फ्यूचर सिटी के पुलिस आयुक्त जी. सुधीर बाबू ने बताया कि पुलिस की सतर्कता के चलते दो गांजा तस्करों को गिरफ़्तार करने में सफलता प्राप्त हुई।
सुधीर बाबू ने बताया कि शाबाद पुलिस इंस्पेक्टर विजय कुमार के नेतृत्व में थाना परिधि के तेलंगाना चौराहा के पास कल शाम वाहन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान दो युवकों को संदेहास्पद स्थिति में घूमते हुए हिरासत में लिया गया। दोनों की तलाशी लेने पर उनके पास से बैग में छुपा कर रखा गया एक किलो गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार किये गये युवकों की पहचान मूलतः बिहार निवासी व फारुख नगर के रहने वाले राजन चौधरी (30) और मूलतः उत्तर प्रदेश के रहने वाले व फारुख नगर निवासी शिवम यादव (24) के रूप में की गयी है।
यह भी पढे़: अवैध रूप से लॉटरी चलाने वाली महिला बेटे समेत गिरफ्तार
बताया जाता है कि दोनों कुछ वर्ष पूर्व रोजगार की तलाश में शाबाद आ गये थे और फारुख नगर में रहते हुए मजदूरी कर रहे थे। हाल ही में उनकी मुलाकात उत्तर प्रदेश निवासी संतु नामक एक गांजा सप्लायर से हुई। दोनों उसके दिशा-निर्देश पर गांजे की तस्करी कर रहे थे। दोनों संतु के पास से गांजा खरीद कर इसे भारी कीमत पर मजदूरों को बेच रहे थे। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद उनके खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



