स्थानीय निकाय चुनाव से राज्य में भाजपा की जीत का शंखनाद करें : रामचंदर राव
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनना तय बताया और सभी से इस जीत की शुरुआत स्थानीय निकाय चुनाव में भाजपा को जिताकर करने का आह्वान किया। नलगोंडा जिले के दौरे पर गए भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव ने सूर्यापेट में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के दौरे से खुशी हो रही है क्योंकि यह उनकी (राव की) जन्मभूमि है।
रामचंदर राव ने कहा कि तुंगातूर्ति में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने नए राशन कार्ड वितरण प्रारंभ किया है परंतु यह राशन कार्ड योग्य परिवारों को ही मिलने चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दलालों के माध्यम से केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ही कार्ड दिए गए तो भाजपा मौन नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि नए राशन कार्ड (खाद्य सुरक्षा कार्ड) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र होना चाहिए परंतु राज्य सरकार खुद श्रेय लेने की फिराक में है।
रामचंदर राव ने कहा कि केंद्र सरकार हर राशन कार्ड धारक को फ्री चावल योजना के तहत 90 प्रतिशत खर्च वहन कर रही है। पिछले 10 सालों में केंद्र सरकार ने तेलंगाना को 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक निधियां दी हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये प्रति परिवार निशुल्क चिकित्सा सुविधा देशभर के साथ तेलंगाना में भी दे रही है। रामचंदर राव ने आगे कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार पर कुछ नहीं देने के आरोप लगाकर बदनाम करने पर तुली है।
यह भी पढ़ें… आरक्षण के साथ स्थानीय चुनाव : पोंगुलेटी श्रीनिवास
नलगोंडा में भाजपा विस्तार और आरक्षण पर घमासान
रामचंदर राव ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य की 3.5 करोड जनसंख्या में 40 लाख से अधिक ने भाजपा की सदस्यता ली है, यह भाजपा के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सूर्यापेट में भाजपा के नए कार्यालय का शुभारंभ किया। साथ ही कहा कि गत 10 वर्षों में पूर्व बीआरएस सरकार ने एक भी राशन कार्ड वितरित नहीं किया था, जिसके कारण कई परिवार केंद्र की योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हो चुके थे।
रामचंदर राव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सांसद सोनिया गांधी परिवार की मुट्ठी में है, तो नलगोंडा जिला भी एक परिवार के दो भाइयों की मुट्ठी में कैद है। उन्होंने कहा कि नलगोंडा को इस कैद से निकालना है, तो भाजपा को जिताने की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का भाजपाइयों से आह्वान किया। साथ ही कहा कि तेलंगाना में भाजपा का निरंतर विस्तार होता जा रहा है।
नलगोंडा में भी भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग को 42 प्रतिशत आरक्षण देते हुए विधानसभा में बिल पारित करने में भाजपा ने बिना शर्त समर्थन दिया था, परंतु कांग्रेस बीसी वर्ग का हक मारकर मुसलमानों को धर्म के आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण देने पर तुली है जिसका भाजपा पुरजोर विरोध करती है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



