छह कांग्रेस विधायक बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित

जयपुर, राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को हंगामे के बाद स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कांग्रेस के छह विधायकों को निलंबित कर दिया। हंगामे के चलते तीन बार स्थगित होने के बाद शाम चार बजे सदन की कार्यवाही फिर से शुरू हुई। इसमें सत्ता पक्ष की तरफ से मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस विधायकों के निलंबन का प्रस्ताव रखा।

यह प्रस्ताव ध्वनि मत से पारित मान लिया गया। इनमें कांग्रेस विधायक जाकिर हुसैन गेसावत, संजय जाटव, गोविंद सिंह डोटासरा, रामकेश मीणा, अमीन कागजी और हाकम अली खान को शेष बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। स्पीकर की व्यवस्था से नाराज कांग्रेस विधायक निलंबित सभी छह विधायकों को घेरकर सदन में धरने पर बैठ गए हैं।

वहीं स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को सोमवार तक के लिए स्थगित कर दिया है। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर ने शाम चार बजे सदन में सुबह की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सदन की परंपरा को भारी नुकसान पहुंचाया गया है, जो अक्षम्य है। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस के छह विधायकों का नाम लेते हुए उन्हें निलंबित करने का प्रस्ताव रखा।

सदन में हंगामा: इंदिरा गांधी पर टिप्पणी से बवाल

इसके बाद स्पीकर ने ध्वनि मत से इस प्रस्ताव को पारित मान कर कांग्रेस विधायकों के निलंबन का ऐलान कर दिया।सुबह प्रश्नकाल के दौरान पूर्व पीएम इंदिरा गांधी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया था। इसके बाद तीन बार सदन की कार्यवाही स्थगित की गई। प्रश्नकाल के दौरान जबरदस्त बवाल हो गया।

मंत्री की टिप्पणी से भड़के कांग्रेस विधायक पहले वेल में आए, फिर स्पीकर की डायस पर चढ़ गए। स्पीकर को सदन में मार्शल बुलाने पड़े। इसके बाद कांग्रेस विधायकों और मार्शल प्रतिनिधियों के बीच जबरदस्त धक्का-मुक्की हो गई। हंगामे के चलते सदन की कार्रवाई दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

मामला प्रश्नकाल के दौरान उठा। बीजेपी विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने सवाल पूछा। इसमें उन्होंने जिला मुख्यालयों के लिए हॉस्टल एवं पेइंग गेस्ट सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए व्यय की गई राशि के बारे में पूछा था। इस पर मंत्री अविनाश गहलोत जवाब दे रहे थे, लेकिन नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने उन्हें टोकते हुए कहा कि अफसर आपको बेवकूफ बना रहे हैं। इस पर गहलोत बोले कि आपकी सरकार में आपकी दादी इंदिरा गांधी के नाम पर योजनाएँ रख ली गईं। इस शब्द पर जूली भड़क गए। उन्होंने गहलोत से कहा कि आपकी दादी क्या होता है। आप इस तरह से पूर्व प्रधानमंत्री के लिए कैसे बोल सकते हैं। उन्होंने स्पीकर से इसकी शिकायत की, लेकिन स्पीकर ने यह कहते हुए इस कार्यवाही से हटाने के लिए मना कर दिया कि यह कोई असंसदीय शब्द नहीं है।

Now you can get the latest stories from DailyHindiMilap on our Social Media Handles every day.  Click to follow Daily Hindi MIlap Facebook page, Instagram and Twitter.

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button