एसओटी ने अंतरराज्यीय गिरोह से जब्त किया 164.86 किलो गांजा
हैदराबाद, मल्काजगिरी कंटोनमेंट जोन की एसओटी पुलिस ने अब्दुल्लापुरमेट पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश कर दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 164.86 किलो गांजा, एक किया कार समेत कुल 41.21 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एल बी नगर जोन की पुलिस उपायुक्त बी. अनुराधा ने बताया कि सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर एसओटी पुलिस इंस्पेक्टर के. श्रीनिवास ने अब्दुल्लापुरमेट पुलिस के साथ मिलकर छापेमारी की कार्रवाई के तहत दरियांबा ग्राम, ओडिशा निवासी व पेशे से किसान नबिन साबर (28), उसके साथी पूरणसाही अंतराबा ग्राम ओडिशा निवासी वे पेशे से किसान सुधाकर मंडल (27) को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि दोनों के पास से 164.86 किलो गांजा बरामद किया गया जो कार के जरिए ओडिशा से तस्करी कर लाया गया था। उन्होंने बताया कि दोनों पेशे से किसान हैं। खेती से आय पर्याप्त न होने के कारण दोनों ने कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए गांजा तस्करी का रास्ता अपना लिया।
यह भी पढ़ें… मिलावटी अदरक-लहसुन का पेस्ट बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा, लाखों की सामग्री जब्त
ओडिशा से महाराष्ट्र भेजी जा रही थी खेप
दोनों बरमपुर निवासी एक गांजा सप्लायर के कहने पर कमीशन के आधार पर गांजे की तस्करी कर रहे थे। दोनों को सप्लायर ने ओडिशा से महाराष्ट्र के लिए गांजे की प्रति ट्रिप के लिए 60 हजार रुपये कमीशन देने का आश्वासन दिया। दोनों दो दिन पूर्व ओडिशा से कार में 164.86 किलों गांजा लेकर महाराष्ट्र के लिए रवाना हुए और कल उन्हें एसओटी पुलिस ने आउटर रिंग रोड नलगोंडा धर्मकाँटा के पास वाहनों की जाँच-पड़ताल के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी नबिन के खिलाफ वर्ष 2023 के दौरान सदर बरहमपुर ओडिशा पुलिस थाने में गांजा तस्करी का मामला दर्ज है। दोनों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संवाददाता सम्मेलन में एसओटी पुलिस उपायुक्त के. मनोहर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एन. नरसिम्हा रेड्डी, बी.कोटेश्वर राव और वनस्थलीपुरम एसीपी पी. काशी रेड्डी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



