दक्षिण मध्य रेलवे ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, 21,211 करोड़ राजस्व

हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे ने बीते वित्तीय वर्ष में विभिन्न क्षेत्रों में उत्तम प्रदर्शन करते हुए पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिये। वर्ष 2025-26 के दौरान दमरे ने 21,211.92 करोड़ रुपये राजस्व अर्जित किया, जबकि 286.44 मिलियन मूल यात्रियों का वहन किया और 147.871 मिलियन टन माल ढुलाई की।

दमरे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने रेल निलयम में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान ज़ोन की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि दमरे ने पिछले वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है। इससे ज़ोन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। उन्होंने बताया कि बीते वित्त वर्ष के दौरान ज़ोन से 147.871 मिलियन टन ओरिजिनेटिंग माल ढुलाई की गयी, जो ज़ोन के इतिहास में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पिछले वर्ष 144.142 मिलियन टन की माल ढुलाई की गयी थी।

इससे ज़ोन ने 13,575 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया। माल में विशेषकर सीमेंट लोडिंग 38.04 मिलियन टन, क्लिंकर 19.83 मिलियन टन और आयरन अयस्क लोडिंग 8.82 मिलियन टन शामिल रहा। दमरे महाप्रबंधक ने कहा कि इस वर्ष स्थापना के बाद से अब तक का सर्वाधिक यात्री राजस्व प्राप्त किया गया। ज़ोन ने वर्ष के दौरान 286.44 मिलियन यात्रियों को वहन किया, जिससे 6,235.37 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले वर्ष 5,714.83 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया गया था।

यह भी पढ़ें… आईपीएल मैचों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

ट्रेनों की गति बढ़ने से 2988 मिनट समय की बचत

वर्ष के दौरान 3,791 विशेष ट्रेनें चलाई गईं, 197 ट्रेनों में 276 अतिरिक्त कोच जोड़े गए और 59 ट्रेनों में एलएचबी कोच शामिल किए गए, जबकि 13 ट्रेनों की गति बढ़ाई गई। इससे 2988 मिनट का रनिंग समय बचाया गया। इस तरह जोने ने कुल 21,211.92 करोड़ का राजस्व प्राप्त किया, जो ज़ोन की स्थापना के बाद से अब तक का सबसे अधिक है। वर्ष 2024-25 में 20,569.35 करोड़ रुपये राजस्व अर्जित किया गया था। खास बात यह रही कि जोन ने 232.6 करोड़ रुपये टिकट जाँच आय के रूप में प्राप्त किये।

वर्ष के दौरान 194.57 किमी ट्रैक वृद्धि हुई है और 325 ट्रैक किमी विद्युतीकरण पूरा किया गया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत दमरे परिधि में 6,000 करोड़ से अधिक की लागत से 119 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। इसमें 11 प्रमुख स्टेशन शामिल हैं, जिनकी लागत लगभग 2,900 करोड़ रुपये है। इनमें से 40 स्टेशन तेलंगाना में स्थित हैं। इनमें से 3 वरंगल, बेगमपेट और करीमनगर का उद्घाटन किया जा चुका है, जबकि 5 स्टेशन पूर्णता के निकट हैं।

महाप्रबंधक ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में 479 रूट किमी ऑटोमैटिक ब्लॉक सिग्नलिंग चालू की गयी। 486 रूट किमी में कवच 4.0 की स्थापना की गयी। 65 मानवयुक्त लेवल क्रॉसिंग गेट्स को आरयूबी, आरओबी या डायवर्जन के माध्यम से समाप्त किया गया। 12 स्थानों पर एलसी गेट्स की इंटरलॉकिंग की गई, जबकि 18 स्थानों पर स्लाइडिंग बूम लगाए गए। 72 रोड अंडर ब्रिज और 27 रोड ओवर ब्रिज बनाए गए। 650.30 करोड़ की स्क्रैप बिक्री दर्ज की। 40 लिफ्ट और 25 एस्केलेटर स्थापित किए गये। 10.74 मेगावाट पीक सोलर पावर प्लांट स्थापित किए, जिससे प्रति वर्ष 13.2 करोड़ की बचत होगी। महाप्रबंधक ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए दक्षिण मध्य रेलवे को आवंटित बजट अनुदान 13,026 करोड़ है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button