दक्षिण मध्य रेलवे को मिले चार राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार

हैदराबाद, दक्षिण मध्य रेलवे द्वारा चार राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार-2025 हासिल किए गए हैं। यह पुरस्कार ऊर्जा दक्षता और हरित पहलों के क्षेत्र में किए जा रहे अथक प्रयासों के लिए प्रदान किए गए। यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 दिसंबर को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार-2025 समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरस्कृत किया। अवसर पर दक्षिण मध्य रेलवे को सर्वश्रेष्ठ ऊर्जा प्रबंधन पद्धतियों को अपनाने के लिए वर्ष 2025 के लिए चार राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार प्रदान किए गए।

जानकारी देते हुए बताया गया कि दक्षिण मध्य रेलवे जोन को प्राप्त राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार में सरकारी भवन (ओपन कैटेगरी) शामिल है, जिसके तहत डीजल ट्रैक्शन ट्रेनिंग सेंटर (डीटीटी), गुंतकल को भवन श्रेणी अथवा सरकारी भवन क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली इकाई का पुरस्कार मिला। यह पुरस्कार दमरे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने राष्ट्रपति से प्राप्त किया।

परिवहन श्रेणी तथा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रायचूर रेलवे स्टेशन काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन तथा लिंगमपल्ली रेलवे स्टेशन को सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट प्रदान किया गया। दमरे प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता बफज मोहन मीना, मुख्य विद्युत महा अभियंता के. नागेंद्र प्रसाद, डीआरएम गुंतकल डिवीजन चंद्र शेखर गुप्ता, डीआरएम हैदराबाद डिवीजन संतोष कुमार वर्मा तथा डीआरएम सिकंदराबाद डिवीजन डॉ. आर. गोपालकृष्णन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने समारोह में भाग लेते हुए अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में स्थित स्टेशनों के लिए पुरस्कार प्राप्त किए।

एलईडी, सौर ऊर्जा और स्मार्ट सिस्टम से ऊर्जा बचत

जानकारी देते हुए बताया गया कि दक्षिण मध्य रेलवे को राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर लगातार कई वर्षों से ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार मिल रहे हैं। कई प्रशासनिक इकाइयों को ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कारों के लिए लगातार कई वर्षों से चुना जा रहा है। सभी विभागों के सभी प्रभागों, कार्यशालाओं और क्षेत्रीय इकाइयों द्वारा ऊर्जा दक्षता और हरित पहलों के क्षेत्र में किए गए अथक प्रयासों के कारण यह जोन इन पुरस्कारों को हासिल करने में सक्षम रहा है। यह जोन लगातार ऊर्जा संरक्षण के विभिन्न उपायों को लागू कर रहा है।

इसमें ऊर्जा कुशल एलईडी लाइटिंग, ऊर्जा कुशल इन्वर्टर टाइप स्टार रेटेड और प्रेसिजन एसी यूनिट, एचवीएसी नियंत्रण और तापमान निगरानी, निष्क्रिय समय के दौरान एसी यूनिट को बंद करना, ऊर्जा बचत उपकरण और अधिभोग सेंसर, जल तापन और स्वच्छ बिजली उत्पादन के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग, वाटर कूलर, रोलिंग एग्जामिनेशन लाइट के लिए टाइमर, लिफ्टों का अनुकूलन, प्लेटफॉर्म पर पंखे के सर्किट का विभाजन करके निष्क्रिय समय के दौरान 70 प्रतिशत पंखों को बंद करना, ऊर्जा कुशल पम्पों का उपयोग, स्टार लेबल वाले विद्युत उपकरणों का उपयोग, पारंपरिक पंखा नियामकों के स्थान पर इलेक्ट्रॉनिक पंखा नियामकों का प्रावधान आदि शामिल हैं।

दमरे महाप्रबंधक संजय कुमार श्रीवास्तव ने इन पुरस्कारों को प्राप्त करने में जोन का प्रतिनिधित्व करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण पुरस्कार विजेताओं तथा संबंधित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चार प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतना दक्षिण मध्य रेलवे के लिए गर्व का क्षण है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button