हरे कृष्ण स्वर्ण मंदिर में मनायी गयी श्रीराम नवमी
हैदराबाद, बंजारा हिल्स स्थित हरे कृष्ण स्वर्ण मंदिर में श्रीराम नवमी महोत्सव भव्यता और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। अवसर पर मंदिर के अधिष्ठाता देवता श्रीश्री राधा गोविंदा, श्री सीता रामचंद्र के दिव्य स्वरूप के बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन किये।
मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में श्री सीता रामचंद्र के दिव्य विग्रहों को नव वस्त्रां, रंग-बिरंगे फूलों तथा आभूषणों से सजाया गया। महोत्सव की शुरुआत पारंपरिक श्री सीताराम कल्याणोत्सवम् के साथ हुई, जिसका आयोजन वैदिक मंत्रों, भजनों और कीर्तनों के बीच किया गया। यह दिव्य समारोह विश्व शांति, समृद्धि और कल्याण के लिए आयोजित किया गया। शाम के समय भव्य महा पालकी उत्सवम् का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त उमड़ पड़े। मंदिर परिसर उत्साहपूर्ण हरिनाम संकीर्तन और पारंपरिक नृत्य प्रदर्शनों से गूंज उठा। भक्तों ने पालकी यात्रा के दौरान भगवान पर सुगंधित फूलों की वर्षा की।
यह भी पढ़ें… सीएम ने दिया एमएमटीएस सेवाओं को यात्री अनुकूल बनाने का आदेश
भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों पर दिया संदेश
हरे कृष्ण मूवमेंट, हैदराबाद के अध्यक्ष श्री सत्य गौरा चंद्र दास प्रभुजी ने श्री सीता रामचंद्र के जीवन और उनकी महिमा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का शुभ प्राकट्य चैत्र शुक्ल नवमी को होता है, जिसे प्रतिवर्ष श्रीराम नवमी के रूप में मनाया जाता है। धर्म के सिद्धांत में सदाचार, कर्तव्य और अपनी इच्छाओं तथा इंद्रियों पर नियंत्रण शामिल है। यह भगवान राम के जीवन में सर्वोच्च रूप में अभिव्यक्त होता है। उनके शासनकाल को राम राज्य के रूप में पूजा जाता है।
यह एक ऐसा आदर्श राज्य था, जहाँ शासक नागरिकों की देखभाल एक स्नेही पिता की तरह करते थे और यह सुनिश्चित करते थे कि राज्य में समृद्धि, सद्भाव हो तथा लोग कष्टों और अन्याय से मुक्त रहें। आज भी राम के मूल्यों को अपनाकर और उनके पवित्र नाम की शरण लेकर समाज ऐसे ही एक आदर्श राज्य की ओर अग्रसर हो सकता है। इसके अलावा नारसिंगी में निर्माणाधीन प्रतिष्ठित हरे कृष्ण हेरिटेज टॉवर प्रॉजेक्ट में भी महोत्सव का आयोजन किया गया। भक्तों को भव्य प्रसाद का वितरण किया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



