राज्य की स्वास्थ्य प्रणाली में व्यापक बदलाव : स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा

हैदराबाद, मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने कहा कि राज्य में सब सेंटर से लेकर सुपर स्पेशियालिटी अस्पतालों तक मजबूती लाते हुए सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं। बिना एक पैसा खर्च किए हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना ही सरकार का लक्ष्य है।

मंत्री ने विधानसभा में बजट मांगों पर चर्चा के दौरान सदस्यों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि दिसंबर 2023 में सरकार बनने के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नियुक्तियाँ की गईं। पिछले दो वर्षों में 9,572 पद भरे गए, जबकि वर्तमान में 7,267 पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 2,929 पदों के लिए जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। कुल मिलाकर लगभग 19,768 पदों की भर्ती की जा रही है।

राज्यभर में सब सेंटर और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मजबूत किए गए

प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए राज्यभर में सब सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी स्वास्थ्य केंद्र और बस्ती दवाखानों के माध्यम से लाखों लोगों को सेवाएं दी जा रही हैं। तेलंगाना के स्वास्थ्य सूचकांक राष्ट्रीय औसत से बेहतर हैं। सेकेंडरी हेल्थ केयर सिस्टम को मजबूत करने के लिए तेलंगाना वैद्यकीय विधान परिषद को डॉयरेक्टरेट ऑफ सेकेंडरी हेल्थ केयर में परिवर्तित किया जा रहा है। इससे कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, एरिया अस्पताल और जिला अस्पतालों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और मरीजों को तेजी से सेवाएं मिलेंगी।

जिलों से लोगों को हैदराबाद आने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए जिला स्तर पर ही 80 प्रतिशत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आयुष्मान/आरोग्यश्री योजना में बड़े बदलाव करते हुए मुफ्त उपचार की सीमा 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है और 1,835 प्रकार की उपचार सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पिछले दो वर्षों में लगभग 9.5 लाख लोगों को इस योजना के तहत लाभ मिला है, जबकि पहले यह संख्या प्रति वर्ष 2.5 लाख थी, जो अब बढ़कर 4 लाख हो गई है।

यह भी पढ़ें… निर्मल पुलिस का नवाचार ‘पुलिस अक्का’ राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

दशकों पुराने उस्मानिया अस्पताल का नया भवन निर्माण शुरू

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दशकों पुराने उस्मानिया अस्पताल के नए भवन का निर्माण लगभग 2,700 करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया है। दवाएं और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। फूड सेफ्टी और ड्रग कंट्रोल विभागों को मजबूत करते हुए 20,000 से अधिक निरीक्षण किए गए और मिलावट व नकली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। मंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और प्रत्येक जिले में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित कर राज्य की स्वास्थ्य सुरक्षा को और मजबूत किया जाएगा।

हैदराबाद में 7 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस अस्पताल स्थापित किए जा रहे हैं और हनमकोंडा में सिकल सेल एनीमिया, थैलेसीमिया और हीमोफीलिया जैसी बीमारियों के इलाज के लिए वरंगल सुपर स्पेशियालिटी अस्पताल को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी पूरे राज्य में विस्तार दिया जा रहा है।

मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा ने शिक्षा के मुद्दे पर उत्तर देते हुए कहा कि सरकार आधुनिक शिक्षा की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए नये विद्यालय स्थापित कर रही है। पौष्टिक आहार की आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए भी कदम उठा रही है। सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने के कारणों की जाँच के आधार पर सुधार किये जा रहे हैं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button