पीएसएल में खेलेंगे विश्व कप की टीम से बाहर किए गए स्टीव स्मिथ
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ लंबे समय से टी20 इंटरनेशनल टीम से बाहर चल रहे हैं। बिग बैश लीग में विस्फोटक बैटिंग के बाद भी उन्हें ऑस्ट्रेलिया की टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली। आईपीएल ऑक्शन में भी किसी फ्रेंचाइजी ने स्मिथ को खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। अब 36 साल के स्टीव स्मिथ पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में खेलते हुए नजर आएंगे।
सियालकोट की टीम का हिस्सा बने स्टीव स्मिथ
इस सीजन दो नई टीम जुड़ी है। इसमें एक टीम सियालकोट स्टैलियन्स है। इसने स्टीव स्मिथ को मार्की प्लेयर के रूप में अपने साथ जोड़ा है। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज टिम पेन इस टीम के हेड कोच हैं। स्टीव स्मिथ ने अभी तक पीएसएल में कोई मैच नहीं खेला है। वह 2019 सीजन में खेलने वाले थे लेकिन चोट की वजह से टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
बाबर को सिंगल लेने से मना किया था
स्टीव स्मिथ बिग बैश में का हिस्सा थे। बाबर आजम भी उसी टीम में थे। एशेज सीरीज खत्म होने के बाद स्टीव बिग बैश में खेलने पहुंचे। लीग के एक मुकाबले में बाबर आजम धीमी बैटिंग कर रहे थे। कई गेंद डॉट खेलने के बाद बाबर ने ओवर की अंतिम गेंद को लॉन्ग ऑन पर खेलकर सिंगल लेना चाहा। स्मिथ ने उन्हें वापस भेज दिया था। अगले ओवर में स्मिथ ने चार छक्के मारे। बाबर जल्द ही बोल्ड हो गए और इसके बाद वह काफी गुस्से में दिखे थे।
स्टीव स्मिथ का टी20 करियर
स्टीव स्मिथ ने 2008 में अपना पहला टी20 मैच खेला था। अभी तक वह इस फॉर्मेट में 272 मुकाबले खेल चुके हैं। इसमें 32.68 की औसत और 131.38 की स्ट्राइक रेट से स्मिथ के नाम 6242 रन हैं। वह 5 शतक के अलावा 30 फिफ्टी ठोक चुके हैं। उन्होंने अपने चार शतक बीबीएल और एक आईपीएल में लगाया है। आखिरी बार स्मिथ आईपीएल में 2021 सीजन में खेले थे। (भाषा)
यह भी पढ़े– नई ग्रामीण रोजगार योजना ‘वीबी-जी राम जी’ के लिए 95,000 करोड़ आवंटित
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



