एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई : शहर में गांजा तस्करी पर शिकंजा

हैदराबाद, शहर में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अभियान तेज कर दिया है। अलग-अलग इलाकों में की गई ताबड़तोड़ कार्रवाइयों में एसटीएफ ने गांजा तस्करी के कई मामलों का खुलासा करते हुए कुल तीन मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में गांजा जब्त किया है।

300 ग्राम गांजा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार

आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शेरलिंगमपल्ली में गांजा बेचने के मामले में व्यक्ति को गिरफ्तार कर 300 ग्राम गांजा जब्त किया।

एसटीएफ के इंस्पेक्टर नागराजू ने बताया कि गच्चीबावली आबकारी क्षेत्र के श्रीनगर इलाके में गांजा बेचते हुए असम निवासी के. विश्वजीत 300 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। वह दोपहिया पर गांजे की सप्लाई करने के लिए जा रहा था। उन्होंने बताया कि विश्वजीत लंबे समय से गच्चीबावली और आसपास के इलाकों में गांजा की अवैध बिक्री कर रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ ने जाल बिछाकर उसे दबोचा। जब्त गांजा और आरोपी द्वारा इस्तेमाल बाइक को आगे की कार्रवाई के लिए शेरलिंगमपल्ली आबकारी पुलिस के हवाले कर दिया गया।

50 गांजा पैकेट जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने आईडीए बोलारम क्षेत्र में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए 50 गांजा पैकेटों के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कुल गांजे का वजन 887 ग्राम पाया गया।

एसटीएफ के इंस्पेक्टर भिक्षम रेड्डी ने बताया कि विश्वस्त सूत्रों के जरिए जानकारी मिलने के बाद छापेमारी करते हुए गोविंद और दुर्गा नामक दो आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने राजू और विन्नी के साथ मिलकर गांजे की बिक्री करने का खुलासा किया। पटनचेरु की आबकारी पुलिस आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।

520 ग्राम गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

आबकारी पुलिस की स्टेट टास्क फोर्स ने बाल नगर इलाके में गांजे की बिक्री करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर 520 ग्राम गांजा बरामद किया।

एसटीएफ के इंस्पेक्टर सुभाष चंदर ने बताया कि बाल नगर में गांजा की बिक्री करते हुए मोहम्मद इरफान और मेकाला अनिल कुमार को पकड़ा गया। दोनों आरोपी लंबे समय से बाल नगर और आसपास के क्षेत्रों में गांजा की अवैध बिक्री में संलिप्त थे।आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ-साथ बिक्री में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई। आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए बाल नगर आबकारी पुलिस को सौंप दिया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button