स्वच्छता एवं सफाई में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : कर्णन
हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम को उम्मीद है कि क्यूआर कोड-आधारित घर-घर कचरा संग्रहण प्रणाली जवाबदेही को बढ़ाएगी और प्रत्येक घर से प्रतिदिन कचरा संग्रहण सुनिश्चित करेगी। इसी के साथ जीएचएमसी उन लोगों की भी पहचान में करने में लगा है, जो घर आने वाले स्वच्छ ऑटो को कचरा नहीं दे रहे।

जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन ने आज राजेंद्रनगर ज़ोन में घर-घर कचरा संग्रहण में लगे स्वच्छ ऑटो के प्रदर्शन का आकलन करने हेतु आकस्मिक क्षेत्रीय निरीक्षण किया। उन्होंने अत्तापुर सर्किल में हैदरगुड़ा स्थित नालंदा नगर में क्यूआर कोड-आधारित घर-घर कचरा संग्रहण नमूना परियोजना के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। उनके साथ जोनल आयुक्त अनुराग जयंती, अतिरिक्त आयुक्त रवि किरण और उपायुक्त सम्मैया उपस्थित थे। अनुराग जयंती ने आयुक्त को क्यूआर कोड आधारित प्रणाली की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।
यह भी पढ़ें… दुर्घटना बीमा और कैशलेस एम्पालाई हेल्थ स्कीम
स्वच्छ ऑटो कर्मी हैं हैदराबाद को स्वच्छ बनाने में अहम
आयुक्त ने देखा कि स्वच्छ ऑटो कर्मी ग्रेटर हैदराबाद को स्वच्छ शहर में परिवर्तित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने उप आयुक्तों तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि जीएचएमसी सीमाओं के अंतर्गत प्रतिदिन बिना किसी चूक के घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही अधिकारियों को उन घरों की पहचान करने के निर्देश दिए गए जो स्वच्छ ऑटो कर्मियों को कचरा नहीं दे रहे हैं। अधिकारियों से उन्होंने कहा कि वह निवासियों को इस प्रणाली में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। कर्णन ने चेतावनी दी कि उपस्थिति, स्वच्छता कर्मियों के प्रदर्शन तथा पर्यवेक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
आयुक्त ने स्वच्छता संबंधी शिकायतों पर त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए। जनभागीदारी के महत्व पर बल देते हुए आयुक्त ने स्वच्छता पहलों में सामुदायिक सहभागिता को सुदृढ़ करने हेतु जागरूकता और जनसंपर्क कार्यक्रम चलाने का सुझाव दिया। अधिकारियों ने बताया कि यदि पायलट परियोजना के सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं, तो क्यूआर कोड आधारित कचरा संग्रहण प्रणाली को जीएचएमसी की समस्त सीमाओं में लागू करने की योजना बनाई जाएगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



