महिला चिकित्सक आत्महत्या मामले में आरोपी उप-निरीक्षक गिरफ्तार


मुंबई, महाराष्ट्र के सातारा ज़िले में एक सरकारी महिला चिकित्सक की आत्महत्या से जुड़े मामले में आरोपी पुलिस उप-निरीक्षक गोपाल बदाने को शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बदाने और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद से बदाने फरार था।
अधिकारी के मुताबिक, बदाने ने फलटण ग्रामीण पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले दिन में पुलिस ने 28 वर्षीय महिला चिकित्सक की कथित आत्महत्या के सिलसिले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रशांत बांकर को गिरफ्तार किया था। मध्य महाराष्ट्र के मरावाड़ा क्षेत्र के बीड ज़िले की रहने वाली और सातारा ज़िले के एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत महिला चिकित्सक बृहस्पतिवार रात फलटण कस्बे के एक होटल के कमरे में फंदे से लटकी मिली थी।

यह भी पढ़े : उप्र: बलिया में 10 वर्षीय लड़के की छत से गिरकर मौत
अपनी हथेली पर लिखे सुसाइड नोट में महिला चिकित्सक ने आरोप लगाया था कि पुलिस उप-निरीक्षक गोपाल बदाने ने कई बार उसके साथ बलात्कार किया, जबकि बांकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। दोनों के खिलाफ फलटण में बलात्कार और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, बांकर उस मकान के मालिक का बेटा है, जहाँ महिला चिकित्सक रहती थी। जाँच के दौरान मामले में नाम सामने आने के बाद बदाने को सेवा से निलंबित कर दिया गया था। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।




