सूबेदार (2026) की बबली दीदी – मोना सिंह
ऐक्ट्रेस मोना सिंह ने छोटे पर्दे से लेकर सिनेमाई बड़े पर्दे तक अपनी शानदार ऐक्टिंग से ऑडियंस को प्रभावित करते हुए एक अलग पहचान बनाई है। किरदार चाहे छोटा हो या बड़ा लेकिन वह उसमें जान फूंक देती हैं। प्राइम वीडियो पर रिलीज फिल्म सूबेदार (2026) में बबली दीदी के रूप में मोना सिंह एक ऐसी अनप्रिडिक्टेबल महिला के किरदार में हैं जिसे अपराध विरासत में मिला है।
वह जेल से अवैध रेत खनन का साम्राज्य चलाते हुए सूबेदार अर्जुन मौर्य का किरदार निभा रहे अनिल कपूर को लगातार अपनी उंगलियों पर नचाती हैं। इस सीरीज में मोना सिंह का अवतार ऐसा है जो दर्शकों ने इसके पहले कभी नहीं देखा। इसके पहले मोना सिंह इसी साल प्रदर्शित सुपर हिट फिल्म बोर्डर 2 (2026) में सिमी के किरदार में नज़र आई थीं।
8 अक्तूबर, 1981 को चंडीगढ़ के एक सिख परिवार में पैदा हुई मोना सिंह के पिता सेना अधिकारी थे। लगातार तीन वर्षों तक प्रसारित होने वाले टीवी सीरियल जस्सी जैसी कोई नहीं (2003-2006) से अपने ऐक्टिंग कॅरियर की शुरूआत करने वाली मोना सिंह इसके बाद रियलिटी शो झलक दिखला जा 1 (2006) और एक खिलाड़ी एक हसीना (2008) में हिस्सा लिया और इन शोज की विनर बनी।
फिल्मों और टीवी शोज में लगातार मजबूत बनाई पहचान
राजकुमार हिरानी निर्देशित फिल्म 3 इडियट्स (2009) में करीना कपूर की बहन मोना सहस्त्रबुद्धे की सहायक भूमिका के साथ मोना सिंह को हिन्दी सिने जगत में अपने कॅरियर की शुरूआत करने का अवसर मिला। इसके बाद उनके ऐक्टिंग कॅरियर की गाड़ी काफी तेजी के साथ चल निकली।
एक तरफ वे ऊट पटांग (2011), जेड प्लस (2014), अमावस (2019), लाल सिंह चड्ढा (2022) और मुंज्या (2024) जैसी फिल्मों में दिखाई दीं, तो दूसरी तरफ एंटरटेनमेंट के लिए कुछ भी करेगा (2009), झलक दिखला जा 4 (2010), शादी 3 करोड़ की (2010), क्या हुआ तेरा वादा (2012-2013), इतना करो न मुझे प्यार (2015) और पुष्पा इंपोसिबल (2022) जैसे शोज उन्हें मिलते गए।
नई गैंगस्टर ड्रामा सीरीज ‘पान पर्दा जर्दा’ में दिखेंगी मोना सिंह
फिल्म लाल सिंह चड्ढा (2022) में वह उम्र में 17 साल बड़ें आमिर खान की मां के किरदार में थीं। लेकिन उम्र के इस गैप को उन्होंने अपनी लाजवाब अदाकारी के बल पर खटकने नहीं दिया। हॉरर कॉमेडी फिल्म मुंज्या (2024) में भी वह मां के किरदार में थीं। मोना सिंह ने कहने को हमस़फर हैं(2018-2020) में अनन्या के किरदार के साथ ओटीटी पर कदम रखा। इसके बाद वह ज़ी5 और अल्ट बालाजी की वेब सीरीज एमओएम: मिशन ओवर मार्स (2019) में नज़र आईं।
आर्यन खान के निर्देशन में बनी 6 एपिसोड वाली वेब सीरीज द बैडस ऑफ बॉलीवुड (2025) में मोना सिंह ने छोटे से किरदार में ऑडियंस का दिल जीत लिया। इन दिनों मोना सिंह, मध्य भारत में अवैध अफीम तस्करी की पृष्ठभूमि पर आधारित गैंगस्टर ड्रामा सीरीज पान पर्दा जर्दा में बिज़ी हैं। इसे जियो स्टूडियोज ने रिलायंस एंटरटेनमेंट और ड्रीमर एंड डूअर्स कंपनी के सहयोग से बनाया जा रहा है। इस सीरीज में मोना के अपोजिट राजेश तैलंग, प्रियांशु पेन्युली और तान्या मानिकतला जैसे कई शानदार ऐक्टर्स नज़र आएंगे।
-सुभाष शिरढोनकर
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



