जलमग्न सड़क बनी बाधा, स्ट्रेचर पर गर्भवती को कंधों पर उठाकर ले गई एंबुलेंस टीम
हैदराबाद, संगारेड्डी जिले के पुलकल में 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने जोखिम उठाते हुए गर्भवती महिला को स्ट्रेचर पर कंधों पर उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बम्मारेड्डीगुडेम गांव की रहने वाली अनुषा को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को कॉल कर उन्हें संगारेड्डी स्थित मदर एंड चाइल्ड केयर (एमसीएच) सेंटर ले जाने की व्यवस्था की।
एंबुलेंस पायलट के. मोहन जब गांव के पास पहुंचा, तो बम्मारेड्डीगुडेम और कोडूर गांवों के बीच की सड़क झील के पानी से घुटनों तक डूबी हुई है। ऐसे में एंबुलेंस को आगे ले जाना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस के इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) पी. अनुदीप ने स्ट्रेचर उठाकर पैदल ही जलमग्न सड़क पार करने का फैसला किया।
परिजनों की मदद से गर्भवती महिला को सुरक्षित रूप से पानी भरी सड़क पार कराई और एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को एमसीएच सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, महिला और गर्भ में पल रहे शिशु की स्थिति फिलहाल स्थिर है। उल्लेखनीय है कि यह गांव अंडोल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, जिसका प्रतिनिधित्व राज्य के स्वास्थ्य मंत्री दामोदर राजनरसिंह करते हैं। ग्रामीणों ने सरकार से गांव तक पक्की सड़क का निर्माण करने की मांग की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



