सुप्रीम कोर्ट ने डीजीपी नियुक्ति में देरी पर जताया गंभीर संज्ञान

नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने कई राज्यों द्वारा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने में अत्यधिक देरी करने पर संज्ञान लेते हुए बृहस्पतिवार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को ऐसे मामलों को उसकी जानकारी में लाने के लिए अधिकृत किया।

उच्चतम न्यायालय ने यूपीएससी को तेलंगाना के लिए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति के लिए बैठक बुलाने और सिफारिश करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया है। तेलंगाना में अंतिम पूर्णकालिक डीजीपी 2017 में सेवानिवृत्त हुए थे। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने प्रकाश सिंह मामले में शीर्ष अदालत के निर्देशों के अनुसार डीजीपी की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने में कई राज्यों द्वारा की गई अत्यधिक देरी के संबंध में यूपीएससी की ओर से व्यक्त की गई चिंता का पूर्ण समर्थन किया।

प्रकाश सिंह मामले में डीजीपी चयन के लिए वरिष्ठ आईपीएस अनिवार्य

उच्चतम न्यायालय ने पुलिस सुधारों से संबंधित प्रकाश सिंह मामले में दिशानिर्देश निर्धारित किए थे, जिसके अनुसार डीजीपी का चयन यूपीएससी द्वारा सूचीबद्ध तीन सबसे वरिष्ठ आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) अधिकारियों में से ही किया जाना अनिवार्य है और उनके लिए दो साल का निश्चित कार्यकाल निर्धारित किया गया है। यूपीएससी ने पीठ को सूचित किया कि राज्य की ओर से होने वाली देरी के कारण योग्य और वरिष्ठ अधिकारियों को डीजीपी के रूप में नियुक्ति की संभावना से वंचित किया जाता है।

आयोग ने कहा कि कई राज्य उच्चतम न्यायालय के निर्देशों की पूर्ण अवहेलना करते हुए डीजीपी की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भेजने में लगातार देरी कर रहे हैं और नियमित नियुक्ति के बजाय कार्यवाहक डीजीपी की नियुक्ति करके वैकल्पिक व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। पीठ ने इस पर कहा कि प्रकाश सिंह मामले में जारी निर्देशों की अवहेलना न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए, हम यूपीएससी को यह अधिकार देते हैं कि वह सर्वप्रथम राज्य सरकारों को पत्र लिखकर डीजीपी की नियुक्ति के लिए समय पर प्रस्ताव भेजने का अनुरोध करे।

चार सप्ताह में डीजीपी चयन प्रक्रिया पूरी करने का आदेश जारी

उच्चतम न्यायालय ने यूपीएससी को निर्देश दिया है कि यदि राज्यों द्वारा प्रस्ताव समय पर प्रस्तुत नहीं किया जाता है तो वह प्रकाश सिंह मामले में उसके समक्ष एक आवेदन दायर करे। शीर्ष अदालत तेलंगाना उच्च न्यायालय के नौ जनवरी के आदेश को चुनौती देने के लिए यूपीएससी द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी।

यह भी पढे़: उच्चतम न्यायालय ने 2027 जनगणना में जाति आंकड़ों की याचिका पर सुनवाई टाली

उच्च न्यायालय ने आयोग को उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार और राज्य सरकार की ओर से शुरू की गई प्रक्रिया को जारी रखते हुए, तेलंगाना के लिए डीजीपी के चयन की पूरी प्रक्रिया को चार सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया था। आयोग ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष दलील दी कि प्रकाश सिंह मामले में शीर्ष अदालत द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रस्ताव प्रस्तुत न करने में तेलंगाना राज्य की ओर से गंभीर चूक हुई है। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button