हैदराबाद में टी-हब ने लांच किया एआई वेलनेस प्लेटफॉर्म
हैदराबाद, टी-हब के मशीन लर्निंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी हब (एमएटीएच) ने भारत का पहला एआई-आधारित मानव प्रदर्शन और कल्याण मंच स्पलिंक प्रो लांच किया। यह प्लेटफॉर्म छात्रों और खिलाड़ियों के संज्ञानात्मक, पोषण और शारीरिक विकास को एकीकृत रूप में मापने, व्यक्तिगत बनाने और बेहतर करने में मदद करेगा।
स्पलिंक प्रो के शुभारंभ हेतु आयोजित कार्यक्रम में भारतीय बैडमिंटन टीम के राष्ट्रीय कोच पुल्लेला गोपीचंद, विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन और रिलायंस जियो के चीफ डेटा साइंटिस्ट डॉ. शैलेश कुमार उपस्थित थे। सीखने की प्रक्रिया का पुनरावलोकन एवं एआई के साथ भारत के भविष्य की पुनर्कल्पना के विषय पर आधारित कार्यक्रम में खेल, शिक्षा, डेटा साइंस और नीति निर्माण से जुड़े अनेक विशेषज्ञों ने भाग लिया।
यह भी पढ़ें… इंफोसिस ने 415 करोड़ जीएसटी नोटिस को चुनौती दी
हैदराबाद के स्कूलों को खेल पुरस्कार से सम्मानित
स्पलिंक प्रो एआई के सीईओ मोहित माथुर ने कहा कि शिक्षा और कल्याण को स्कोरबोर्ड और क्रीन से आगे ले जाना उनका उद्देश्य है। स्पलिंक प्रो विज्ञान को रोज़मर्रा की प्रगति में बदलने के लिए तैयार किया गया है, ताकि हर विद्यार्थी की सोच तेज़ हो, मज़बूती से चले और स्वस्थ जीवन जिए। स्पलिंक प्रो मानव विकास के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी नवाचार के रूप में उभरा है। इसमें एआई कॉग्निटिव असेसमेंट्स, एआई न्यूट्रिशन इंटेलिजेंस और एआई फिजिकल असेसमेंट्स जैसी अत्याधुनिक विशेषताएँ हैं, जो फोकस, निर्णय क्षमता, ऊर्जा संतुलन और एथलेटिक मूवमेंट को बेहतर बनाती हैं।
यूरोपीय शोध टीमों के सहयोग से विकसित यह प्लेटफॉर्म स्कूलों, कोचों और अभिभावकों को छात्रों के संपूर्ण विकास के लिए डेटा-आधारित इनसाइट्स प्रदान करता है। अवसर पर ब्रेनफीड के सहयोग से हैदराबाद की 14 स्कूलों को सर्वश्रेष्ठ खेल कार्यान्वयन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इन स्कूलों में चिरेक इंटरनेशनल स्कूल, हैदराबाद पब्लिक स्कूल (बेगमपेट), सिल्वर ओक्स इंटरनेशनल, द गौडियम जुबली हिल्स पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थान शामिल थे।
कार्यक्रम में सेंटर फॉर सोशल एंड बिहेवियर चेंज के निदेशक प्रो. पवन मामिडी, पीएमएक्स हेल्थ के चिकित्सा निदेशक डॉ. समता तुल्ला, यूनिवर्सिटी ऑफ ज़ाग्रेब के प्रोफेसर ब्रूनो दमजान, सिबोना ज़ाग्रेब के सीईओ सेरिक टॉमिस्लाव और द गौडियम स्कूल की संस्थापक और निदेशक कीर्ति रेड्डी ने भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



