ताकाइची ने ट्रंप के साथ मजबूत संबंधों की प्रतिबद्धता दोहराई
वाशिंगटन, होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा में मदद की अमेरिकी अपील का तुरंत समर्थन नहीं करने पर जापान एवं अन्य देशों से अमेरिका के राष्ट्रपति की शिकायत के बीच, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ मजबूत संबंधों की प्रतिबद्धता दोहराई।
ताकाइची ने अमेरिका के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’ में ट्रंप से मुलाकात की। उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति से कहा कि जापान, ईरान के परमाणु कार्यक्रम के विकास का विरोध करता है। उन्होंने दुभाषिये के माध्यम से अमेरिकी राष्ट्रपति से कहा कि पश्चिम एशिया और अब दुनिया भर में ‘‘सुरक्षा संबंधी माहौल बहुत गंभीर है लेकिन इसके बावजूद मेरा दृढ़ विश्वास है कि डोनाल्ड, केवल आप ही पूरी दुनिया में शांति स्थापित कर सकते हैं।’’
दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के लिए गर्मजोशी भरे शब्द कहे। ट्रंप ने प्रधानमंत्री को ‘‘लोकप्रिय, ताकतवर महिला’’ बताया लेकिन ईरान युद्ध के प्रति जापान के समर्थन को लेकर पत्रकारों द्वारा बार-बार सवाल पूछे जाने के बीच कुछ तनाव भी दिखा।
ताकाइची अपनी घड़ी देखती हुईं नजर आईं
अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय ‘ओवल ऑफिस’ में बंद कमरे में बैठक से पहले प्रधानमंत्री के साथ करीब 30 मिनट की सार्वजनिक मौजूदगी के दौरान जब ट्रंप सवालों का जवाब दे रहे थे, तब ताकाइची अपनी घड़ी देखती हुईं नजर आईं। इसके बाद जब ट्रंप से पूछा गया कि ईरान पर हमलों से पहले अमेरिका ने जापान जैसे सहयोगियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी तो उन्होंने 1941 में पर्ल हार्बर पर जापान के हमले का जिक्र करते हुए विशेष रूप से असहज करने वाली टिप्पणी की।
ट्रंप ने मजाक में कहा, ‘‘हमने इसके बारे में किसी को नहीं बताया क्योंकि हम चौंकाना चाहते थे। चौंकाने के बारे में जापान से बेहतर कौन जानता है? आपने मुझे पर्ल हार्बर के बारे में क्यों नहीं बताया?’’ ट्रंप के ऐसा कहते ही ताकाइची के चेहरे पर दिख रही हल्की मुस्कान गायब होती दिखी और उन्होंने अपनी भौंहें उठा लीं लेकिन शाम को उस समय दोनों मुस्कुराते नजर आए, जब ट्रंप ने प्रधानमंत्री के सम्मान में अपने कार्यालय में रात्रिभोज का आयोजन किया।
ट्रंप ने कहा, ‘‘आप एक शानदार महिला हैं और व्हाइट हाउस में आपका स्वागत करना मेरे लिए सम्मान की बात है।’’ ताकाइची ने दुभाषिये के माध्यम से दोनों नेताओं को ‘‘सबसे अच्छे दोस्त’’ बताया और फिर अंग्रेजी में कहा, ‘‘जापान वापस आ गया है।’’
इससे पहले बृहस्पतिवार को पांच यूरोपीय देशों और जापान के नेताओं ने एक संयुक्त बयान जारी कर ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य पर वाणिज्यिक नौवहन को रोकने वाले हमले बंद करने की मांग करते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए ‘‘उपयुक्त प्रयासों’’ में योगदान देने को तैयार हैं कि पोत इस जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजर सकें। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि इस बयान का क्या अर्थ है।
जापान में अमेरिका के खर्च और वहां तैनात सैनिकों की संख्या का भी जिक्र
ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वह ताकाइची के साथ अपनी बैठक में ईरान युद्ध में अमेरिका के लिए जापान के समर्थन के स्तर पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘वे वास्तव में आगे आ रहे हैं।’’ उन्होंने इसके बारे में और कोई विवरण नहीं दिया। राष्ट्रपति ने बाद में कहा कि जापान जिस तेल पर निर्भर करता है उसका बड़ा हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए उनके आगे आने की यह एक बड़ी वजह है।’’ उन्होंने जापान में अमेरिका के खर्च और वहां तैनात सैनिकों की संख्या का भी जिक्र किया।
ट्रंप ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि जापान आगे आएगा क्योंकि हमारे बीच इस तरह का रिश्ता है।’’ ट्रंप से मुलाकात के बाद ताकाइची ने पत्रकारों से कहा कि दोनों इस बात पर सहमत हुए हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोच्च महत्व का विषय है लेकिन उन्होंने ट्रंप को विस्तार से बताया कि जापान अपने कानून के तहत क्या कर सकता है और क्या नहीं कर सकता।
इससे पहले, ट्रंप ने इस सप्ताह कई बार शिकायत की थी कि जापान सहित अमेरिकी सहयोगी होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा में मदद करने के उनके अनुरोध पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, बाद में उन्होंने कहा कि इस मदद की जरूरत नहीं है लेकिन अपनी अन्य टिप्पणियों से यह संकेत भी दिया कि वह अब भी मदद की अपेक्षा रखते हैं। (एपी)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





