स्वाद: हैदराबादी बिरयानी ले जाने के लिए शेफ ने अदा किया 4200 रुपये अतिरिक्त बैगेज शुल्क

हैदराबाद, हैदराबाद को अक्सर बिरयानी प्रेमियों का शहर माना जाता है, लेकिन अब मुंबई के एक शेफ ने अपनी अनोखी ‘बिरयानी दीवानगी’ से सबका ध्यान खींच लिया है। मुंबई के शेफ वेल्टन सलदान्हा ने हैदराबाद से बिरयानी ले जाने के लिए एयरपोर्ट पर 4200 रुपये का अतिरिक्त बैगेज शुल्क तक भर दिया।

दरअसल, 12 दिन की हैदराबाद यात्रा के बाद सलदान्हा अपने साथ करीब 5000 रुपये की बिरयानी लेकर लौट रहे थे। लेकिन हैदराबाद एयरपोर्ट पर उनका सामान निर्धारित सीमा से ज्यादा वजन का निकला, जिसके कारण उन्हें 4200 रुपये का अतिरिक्त बैगेज शुल्क देना पड़ा। उन्होंने बिना झिझक यह शुल्क चुकाया और कुल मिलाकर 9200 रुपये की बिरयानी अपने साथ मुंबई ले गए।

वेल्टन सलदान्हा ‘चटनी कलेक्टिव’ के संस्थापक हैं। उन्होंने मनीकंट्रोल से बातचीत में बताया कि वे हर कुछ महीनों में हैदराबाद आते हैं और यहां की मशहूर बिरयानी अपने पिता के लिए लेकर जाते हैं। उनके पिता अब तक हैदराबाद की प्रसिद्ध फूड कल्चर का अनुभव नहीं कर पाए हैं, इसलिए वे यह बिरयानी घर ले जाते हैं।

पिता और दोस्तों के लिए ले जाते हैं हैदराबादी बिरयानी

शुरुआत में यह बिरयानी केवल अपने पिता के लिए लाते थे, लेकिन बाद में दोस्तों के लिए भी बिरयानी ले जाने लगे। इसी वजह से इस बार उनका सामान इतना भारी हो गया कि एयरलाइन की तय सीमा से ज्यादा हो गया। सलदान्हा हैदराबाद से पहले पुणे पहुंचे और वहां से अपने घर मुंबई गए।

रिपोर्ट के अनुसार, सलदान्हा ने माना कि शुरुआत में उन्हें अंदाजा नहीं था कि खाने की वजह से उनका सामान अतिरिक्त वजन की श्रेणी में चला जाएगा। लेकिन जब चेक-इन काउंटर पर अतिरिक्त शुल्क बताया गया तो उन्होंने बिरयानी फेंकने के बजाय शुल्क देना बेहतर समझा।

हालांकि उनकी मां ने इस खर्च को लेकर उन्हें “पागलपन” बताया, लेकिन सलदान्हा का कहना है कि अपने प्रियजनों के साथ इस स्वादिष्ट भोजन को साझा करने की खुशी के सामने यह रकम बहुत छोटी है।

सलदान्हा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक कैरोसेल पोस्ट में इस दिलचस्प किस्से को साझा किया, जो अब वायरल हो गया है। पोस्ट में उन्होंने हैदराबाद यात्रा के दौरान खाई गई कई तरह की बिरयानी का भी जिक्र किया। इनमें कृष्णा किचन की नल्ली घोष्ट बिरयानी, सव्या की सफेद बिरयानी, अंटेरा की नल्ली घोष्ट बिरयानी, तोश-ए-दान की चिकन बिरयानी, वॉइला F9 गॉरमेट की सुफियानी बिरयानी, मॉनेस्ट्री की लैम्ब शैंक डिंडीगुल बिरयानी और तेलंगाना स्पाइस किचन की नल्ली घोष्ट बिरयानी शामिल हैं।

बिरयानी के प्रति उनका प्रेम एक अन्य इंस्टाग्राम रील में भी नजर आता है, जिसमें उन्होंने हैदराबादी शादी में खाना बनाने वाले कुक से असली और बेहतरीन बिरयानी बनाने की रेसिपी साझा की है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button