तेलंगाना एग्रोस की ज़मीन अतिक्रमण मुक्त, गलत सर्वे नंबर से किये जा रहे हैं कब्ज़े

हैदराबाद, हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपदा संरक्षण एजेंसी हैद्रा ने मेड़चल-मल्काजगिरी ज़िले के मौलाली-नाचाराम ग्राम परिधि में तेलंगाना एग्रोस इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की ज़मीन पर किये गये अवैध अतिक्रमणों पर बुल्डोजर चलाया।

हैद्रा ने मेड़चल-मल्काजगिरी में अवैध अतिक्रमण हटाया

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार ने तेलंगाना एग्रोस को 23.28 एकड़ ज़मीन आवंटित की थी। दुर्गानगर, कमलाबाई नगर और बाबानगर कॉलोनियों की ओर से उस भूमि पर अतिक्रमण किये गये। लगभग 4 एकड़ ज़मीन पर कब्ज़े हो चुके थे। तेलंगाना एग्रोस के चेयरमैन कासुला बालाराजू ने हैद्रा से शिकायत की। हैद्रा आयुक्त एवी रंगनाथ के आदेश पर अधिकारियों ने ज़मीन का मुआयना किया और फिर अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। दीवारें और शेड हटा दिये गये। कचरे को अलग करने के लिए इस्तेमाल होने वाले शेड और कबाड़ की दुकानों को भी हटा दिया गया।

हैद्रा ने मेड़चल-मल्काजगिरी में अवैध अतिक्रमण हटाया

हैद्रा अधिकारियों ने बताया कि लावण्या नामक महिला ने दो एकड़ से ज़्यादा ज़मीन को झूठे कागज़ात के साथ छोटे-छोटे प्लॉट में बांटकर बेच दिया। इसमें तेलंगाना एग्रोस का एक कर्मचारी भी शामिल था। महेंद्र नामक एक और व्यक्ति ने 2 हज़ार गज से ज़्यादा ज़मीन पर कब्ज़ा करके उसे प्लॉट में बांट दिया। उसने छोटे शेड बनाकर किराए पर दे दिए हैं। हैद्रा अधिकारियों ने बताया कि फर्जी सर्वे नंबर दिखाकर सरकारी ज़मीन पर कब्ज़ा करने की कई घटनाएं सामने आयी हैं। खाली ज़मीनों पर अवैध शेड बनाए जा रहे हैं या बसों की पार्किंग के लिए देकर लाखों रुपये किराया वसूला जा रहा है। यह भारी पैसा बाउंसरों/प्राइवेट सिक्योरिटी की सेना को बनाए रखने पर खर्च किया जा रहा है। यह सब कुछ स्थानीय अधिकारियों या कुछ राजनीतिक नेताओं के चुपचाप समर्थन से स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें… तेलंगाना राइजिंग समिट : ग्लोबल समिट के पहले दिन 2.84 लाख करोड़ के समझौते

प्रजावाणी में मिलीं 41 शिकायतें

गलत सर्वे नंबर से कब्ज़े किये जाने की शिकायतें हैद्रा के प्रजावाणी कार्यक्रम में भी की गयीं। इस कार्यक्रम में 41 शिकायतें प्राप्त हुईं। लोगों ने शिकायत की है कि खाली ज़मीन पर कब्ज़ा करने के लिए फर्जी दस्तावेज़ों का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। अतिक्रमण करने वाले सरकारी भूमि को भी नहीं छोड़ रहे हैं। कुछ लोगों ने शिकायत की कि उप्पल में साढ़े तीन एकड़ ज़मीन पर इसी तरह कब्ज़ा किया गया है। एक और शिकायत में कहा गया है कि जीडिमेटला में फॉक्स सागर से वेनेला चेरुवु तक जाने वाले 12 मीटर के नाले पर कब्ज़ा करके निर्माण किया जा रहा है। हैद्रा के अतिरिक्त निदेशक वरला पापैया ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान की ज़िम्मेदारी सौंपी।

हैद्रा ने मेड़चल-मल्काजगिरी में अवैध अतिक्रमण हटाया

मेड़चल मलकाजगिरी ज़िले के उप्पल खालसा में 6 एकड़ सरकारी ज़मीन से ढाई एकड़ ज़मीन मेट्रो को दी गई है। स्थानीय लोग बची हुई डेढ़ एकड़ ज़मीन पर कब्ज़ा करके गाड़ी पार्किंग फीस वसूल रहे हैं। इस पार्किंग रैकेट को रोकने के लिए स्थानीय लोगों ने प्रजावाणी में शिकायत की। शिकायत में कहा गया है कि यहाँ एक 7 मंज़िला इमारत भी बनाई जा रही है। यह सब गैर-कानूनी है।

इसके अलावा रंगारेड्डी ज़िले के मणिकोंडा इलाके के गंडीपेट मंडल से कुछ लोगों ने तालाब के किनारे कब्जे की शिकायत करते हुए मुश्किन चेरुवु के लिए एफटीएल तुरंत सुनिश्चित करने की अपील की। हनुमान मंदिर वेलफेयर एंड यूथ एसोसिएशन के सदस्यों ने शिकायत की कि सिकंदराबाद कंटोनमेंट क्षेत्र के चिन्ना कमला इलाके में नाले पर कब्ज़ा हो रहा है। एग्जीक्यूटिव्स को-ऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसाइटी के सदस्यों ने मियापुर में जीएचएमसी पार्क पर कब्ज़ा करने की शिकायत की। इसी तरह कई तरह की शिकायतें हैद्रा को प्राप्त हुईं।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button