हैदराबाद, विकाराबाद जिले में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और मामले को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में आरोपी महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
विकाराबाद पुलिस ने बताया कि कुछ वर्षों पहले कविता की शादी रत्नय्या से हुई थी और दंपति विकाराबाद जिले के चौदापुर गांव में रहता था। कुछ महीने पहले कविता की मुलाकात गांव के ही निवासी रामकृष्ण से हुई, जिसके बाद दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। बताया जाता है कि रत्नय्या को पत्नी के चरित्र पर शक होने लगा था, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। इसी दौरान, कविता और रामकृष्ण ने रत्नय्या की हत्या कर साथ रहने की साजिश रची।
पुलिस ने बताया कि शनिवार की रात रत्नय्या खेतों में काम करने के बाद घर लौट रहा था, तभी रामकृष्ण ने जानबूझकर उसे ट्रैक्टर से टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से रत्नय्या की होने की जानकारी दी, लेकिन रत्नय्या के एक रिश्तेदार ने घटना पर संदेह जताते हुए पुलिस से हत्या के एंगल से जांच करने की मांग की। जांच के दौरान रामकृष्ण को हिरासत में लिया गया, पूछताछ में उसने कविता की मदद से हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
