हैदराबाद : पहाड़ी शरीफ में हिस्ट्रीशीटर की हत्या, पुरानी रंजिश की आशंका
हैदराबाद, पुराने शहर के पहाड़ी शरीफ पुलिस थानांतर्गत कल देर रात हिस्ट्रीशीटर की अज्ञात बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान शेख आमिर (35) के रूप में हुई है, जो पहाड़ी शरीफ का ही रहने वाला था। मृतक शेख आमिर के रिश्तेदारों ने कुछ मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए बताया कि कल रात किसी विवाद के सिलसिले में आमिर को अज्ञात जगह बुलाया गया था, इसी दौरान लोगों से उसकी हत्या के बारे में सूचना मिली।
बताया जाता है कि आमिर वर्ष 2024 में मुबारक सिगार नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपी है। वह उस मामले में फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस ने बताया कि शनिवार रात कुछ अज्ञात लोगों ने आमिर को घेर लिया और उस पर चाकुओं से हमला किया। गंभीर रूप से घायल आमिर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पहाड़ी शरीफ पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उस्मानिया अस्पताल के मुर्दाघर भेज दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस आमिर की हत्या पुरानी रंजिश या बदले की कार्रवाई के तहत होने का अंदेशा जताते हुए इसी दिशा में जांच को आगे बढ़ा रही है। इसके अलावा, आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और आमिर के पुराने विवादों की जांच की जा रही है। साथ ही, उसके दुश्मनों और आपराधिक नेटवर्क से जुड़े लोगों से भी पूछताछ चल रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



