तेलंगाना मतदान के दौरान कई जिलों में हंगामा, नकदी वितरण व तनाव

हैदराबाद, राज्य में नगर निकाय चुनाव के मतदान के दौरान कई स्थानों पर विवाद, आरोप-प्रत्यारोप और झड़पों की घटनाएं सामने आईं। कुछ जगहों पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जबकि नकदी वितरण के आरोपों में मामले भी दर्ज किए गए। हालांकि अधिकांश स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

मतदान के दौरान संगारेड्डी में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व विधायक टी. जग्गा रेड्डी का एक बूथ के सामने पुलिस से विवाद हो गया। पुलिस अधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। वीडियो में जग्गा रेड्डी को एक पोलिंग स्टेशन में जाने से रोकने पर इंस्पेक्टर शिवकुमार और एक होमगार्ड से बहस करते और पोलिंग स्टेशन में प्रवेश करते हुए दिखायी दे रहे है।

करीमनगर में झड़प के बाद लाठीचार्ज

करीमनगर के 58वें डिवीजन में एक महिला मतदाता द्वारा उसका वोट पहले ही डाले जाने की जानकारी देने के बाद भाजपा-बीआरएस कार्यकर्ताओं में तनाव हो गया। महिला के साथ सहानुभूति जताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और बीआरएस उम्मीदवार रविंदर सिंह के समर्थकों के साथ तीखी बहस हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस आयुक्त गौश आलम के नेतृत्व में हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया गया। इस दौरान, लाठीचार्ज में कुछ लोगों को मामूली चोटें भी आईं।

आदिलाबाद में मतदाताओं को नकदी बांटने के आरोप

आदिलाबाद में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने उनके पास से 6,140 नकद जब्त किए। वन टाउन इंस्पेक्टर बी. सुनील ने बताया कि दोनों पर मतदान केंद्रों के पास मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए पैसे बांटने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और स्थिति को संभालते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

नरसापुर में नकदी वितरण को लेकर तनाव

मेदक जिले के नरसापुर नगरपालिका के 8वें वार्ड में मतदान शुरू होने के एक घंटे के भीतर ही कांग्रेस नेताओं और  बीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

एक अन्य स्थान पर भाजपा और बीआरएस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की घटना भी हुई।चुनाव के दौरान उत्पन्न इन घटनाओं के बाद पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात किया। अधिकारियों ने कहा कि आचार संहिता उल्लंघन और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निकाय चुनाव के बीच छिटपुट घटनाओं ने राजनीतिक माहौल को गर्म किया, हालांकि प्रशासन ने दावा किया कि अधिकांश स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और स्थिति नियंत्रण में है।

यह भी पढ़ेदुर्गंध परोस रहा है नामपल्ली पब्लिक गार्डन जलाशय

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button