तेलंगाना-तिरुपति बस हादसे: 16 घायल, बड़ा हादसा टला

सूर्यापेट/तिरुपति, तेलुगु राज्यों में निजी लग्जरी बसों के बढ़ते हादसे एक बार फिर चिंता का विषय बन गए हैं। ताज़ा घटनाओं में तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में दो अलग-अलग हादसे सामने आए, जिनमें कई यात्री घायल हुए हैं। तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में कोडाड बाईपास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निजी ट्रैवल्स बस आगे चल रही लॉरी से टकरा गई। यह इंटरसिटी बस हैदराबाद से एलुरु जा रही थी। बस में कुल 36 यात्री सवार थे, जिनमें से 16 घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत कोडाड सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।
तिरुपति में बड़ा हादसा टला, बस डिवाइडर से टकराई
दूसरी घटना आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले में तड़के करीब 4 बजे हुई। बेंगलुरु से तिरुपति जा रही चोपड़ा स्लीपर बस ने एक लॉरी से बचने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया और सड़क के दूसरी ओर जाकर डिवाइडर से टकरा गई।
यह हादसा पुथलापट्टू–नायडुपेटा मुख्य मार्ग पर नेंद्रगुंटा के पास हुआ। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलते ही पकाला पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
लगातार हादसों से उठे सवाल
लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने निजी बस सेवाओं की सुरक्षा और ड्राइवरों की कार्य स्थितियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी दूरी की यात्रा में ड्राइवरों की थकान और लापरवाही इन दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



